बारिश-बर्फबारी से कांपा आधा हिमाचल, तूफान से फसलें बर्बाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहाड़ों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते हिमाचल के कई इलाको में अप्रैल महीने में कड़ाके की ठंड हो गई है। भारी बारिश और तूफान के कारण प्रदेश के कई क्षेत्रों में फसलों को भारी नुकसान हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी शिमला समेत प्रदेश भर में बारिश, जबकि रोहतांग और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है।
मौसम के इस बदले मिजाज से शिमला, किन्नौर, लाहौल, डलहौजी, मनाली जैसे पहाड़ी इलाकों में पारा काफी गिर गया है। लोगों ने ठंड के चलते फिर से गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। मैदानी क्षेत्रों में लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
कुल्लू घाटी में बदले मौसम से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। रोहतांग दर्रा में 10 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी रिकॉर्ड की गई जिससे बीआरओ के बर्फ हटाओ अभियान को झटका लगा है। जबकि जिले के निचले इलाके कुल्लू-मनाली में मूसलाधार बारिश हुई है और तापमान में भारी गिरावपट आने से बागवानों की चिंता बढ़ गई है।
वहीं बारिश से कुल्लू-मनाली सड़क के साथ अन्य मार्गों पर भूस्खलन होने तथा पत्थरों के गिरने से लोगों व सैलानियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज बारिश से जिले में एक दर्जन सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ है। मौसम खराब रहने के कारण दिल्ली-भुंतर हवाई उड़ान दो दिनों के लिए रद्द कर दी गई है। बुधवार को भी हवाई उड़ान कुल्लू आने के बजाय चंडीगढ़ में ही लैंड हो गई। जिला प्रशासन ने मौसम विभाग की चेतावनी के बाद अलर्ट जारी किया है।
बारिश-ओलावृष्टि के आज भी आसार
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को भी प्रदेश के निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। इसके अलावा कुछ क्षेत्रों में आंधी -तूफान की भी आशंका है। उच्च पर्वतीय इलाकों में कुछ जगह बारिश और हिमपात होने की भी संभावना है। केंद्र के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह का कहना है कि 19 अप्रैल से हिमाचल में मौसम साफ हो जाएगा।
कहां, कितनी बारिश (मिलीमीटर में)
शिमला 10.1
नाहन 10.1
सोलन 13.6
मनाली 8.0
बिलासपुर 25.0
हमीरपुर 9.0
डलहौजी 19.0
कुफरी 15.0
कहां, कितना न्यूनतम तापमान
केलांग 1.8
कल्पा 3.3
कुफरी 5.3
डलहौजी 6.3
मनाली 6.8
शिमला 9.0
धर्मशाला 10.2