पटवारी भर्ती: डेढ़ लाख ने दी लिखित परीक्षा, कई केंद्रों पर भटकते रहे युवा
हिमाचल में राजस्व विभाग में पटवारी के 1120 पद भरने के लिए चल रही भर्ती प्रक्रिया के तहत शनिवार को प्रदेश भर में लिखित परीक्षा ली गई। प्रदेश भर में करीब डेढ़ लाख युवाओं ने यह परीक्षा दी। वहीं, तमाम दावों के बावजूद परीक्षा की तैयारियों को लेकर सवाल खड़े हो गए।
शिमला के बालूगंज स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जहां परीक्षार्थियों को जमीन पर बैठकर परीक्षा देनी पड़ी। वहीं, बिलासपुर में पटवारी की लिखित परीक्षा सवालों के घेरे में आ गई। कहीं सेंटर गलत, तो कहीं एक रोल नंबर पर दो उम्मीदवार पहुंच गए।
खामियों के कारण परीक्षा देने से कई उम्मीदवार वंचित रह गए। जिला हमीरपुर राजस्व विभाग में पटवारियों के 67 पदों को भरने के लिए छंटनी परीक्षा का आयोजन किया गया। जिले के 12102 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 11350 अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा में भाग लिया। 752 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे।
यहां जानिए किस जिले में कितनों ने दी परीक्षा
उधर, जिला राजस्व अधिकारी राजीव ठाकुर ने बताया कि परीक्षा केंद्र में 80 फीसदी से अधिक अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। किसी भी परीक्षा केंद्र में कोई परेशानी नहीं हुई। जिला कुल्लू में 11828 उम्मीदवारों में से 10121 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी है।
परीक्षा में कुल उपस्थति 85.56 फीसदी रही है। रामपुर तहसील में 4748 में से 3597 आवेदकों ने परीक्षा दी। कई परीक्षार्थियों को सेंटर ढूंढने में परेशानियां हुई। प्रशासन ने ऐसे परीक्षार्थियों को दूसरे सेंटर में परीक्षा देने की मंजूरी दी।
मंडी में पटवारी के 168 पदों के लिए 129 परीक्षा केंद्रों में 38000 से अधिक ने परीक्षा दी। चंबा के 58 परीक्षा केंद्रों में 14800 ने परीक्षा दी। वहीं ऊना में 47 केंद्रों में 11000 और सिरमौर के 64 सेंटरों में 13000 ने टेस्ट दिया।