HPSSC: युवाओं के हाथ से छूट सकता है नौकरी का मौका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर में नौकरी के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 17 नवंबर है, लेकिन अभी तक हजारों बेरोजगार आवेदन नहीं कर पाए हैं। इस कारण उन्हें नौकरी का मौका हाथ से जाने का डर सता रहा है। आवेदन न कर पाने की मुख्य वजह बैंकों में फीस जमा न हो पाना है। प्रदेश भर के बैंकों में करेंसी बदलने के लिए लोगों की भीड़ लगी है।
500 और 1000 रुपये के पुराने नोट बंद होने के चलते युवा वर्ग परीक्षा शुल्क जमा नहीं करवा पा रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों ने 100-100 रुपये के पुराने नोटों का जुगाड़ तो कर लिया है, लेकिन कुछेक बैंक अधिकारी शुल्क लेने से इनकार कर रहे हैं। बैंक अधिकारियों का कहना है कि पुराने नोट बदलने का कार्य पहले ही उनके पास अधिक है। इसके अलावा भारी संख्या में लोग अपने खाते में पुरानी करेंसी जमा करवाने के लिए आ रहे हैं।
बैंकों में अत्यधिक बोझ के कारण बैंक अधिकारी और कर्मचारी चयन आयोग में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को बैंक चालान देने में आनाकानी कर रहे हैं। वहीं, कस्बे और ग्रामीण इलाकों के बैंकों में पहले से इतनी भीड़ है कि सारा दिन लाइन में खड़े रहकर भी नंबर नहीं आ रहा है। कुल मिला कर पुराने नोट के बंद होने की मार प्रदेश के बेरोजगार युवा वर्ग पर भी पड़ती दिख रही है।
नहीं मिली अभी तक कोई शिकायत: सचिव
हमीरपुर के युवाओं प्रदीप शर्मा, सुनील शर्मा, अंकुश ठाकुर, प्रियंका वर्मा, सीमा, रजनी, आरती देवी और वंदना ने कहा कि कर्मचारी चयन आयोग में आवेदन करने का वीरवार को आखिरी दिन है, लेकिन बैंक अधिकारी उनके बैंक चालान तैयार नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने चयन आयोग से आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग की है। उधर, हिप्र कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर के सचिव विजय कुमार ने बताया कि फीस जमा न होने की अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। वहीं आयोग की ओर से आवेदन तिथि बढ़ाने पर भी अभी तक कोई विचार नहीं किया गया है।
इन 54 पोस्ट कोड के लिए मांगे हैं आवेदन
हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने प्रदेश भर के विभिन्न सरकारी विभागों से आई डिमांड के तहत 54 विभिन्न पोस्ट कोड के तहत आवेदन मांगे हैं। इसमें प्रारंभिक शिक्षा विभाग में भरे जाने वाले शारीरिक अध्यापकों के 118 पद, शास्त्री के 236, भाषा अध्यापक
के 123, डाइंग टीचर के 79, आयुर्वेद विभाग में फार्मासिस्ट के 148 पद, पंप आपरेटर के 256, जेई, मैकेनिक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में लेबोरेटरी सहायक, वरिष्ठ लैब सहायक और सुपरवाइजर समेत अन्य करीब 2400 पद भरे जाने हैं।