बीएससी नर्सिंग कोर्स से घटा युवतियों का रुझान, सिर्फ 2500 आवेदन
प्रदेश में बीएससी नर्सिंग कोर्स से युवतियों का रुझान कम हो गया है। ऑनलाइन आवेदनों में पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार कमी आई है। प्रदेश विवि से संबद्ध सरकारी और निजी नर्सिंग कॉलेजों में नए सत्र में बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक नर्सिंग कोर्स में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चल रही है।
प्रदेश के आईजीएमसी सिस्टर निवेदिता नर्सिंग कॉलेज की 60 सीटों सहित 24 निजी संस्थानों की करीब 700 सीटों के लिए अब तक करीब 2500 आवेदन ही आए हैं।
ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तारीख को सिर्फ तीन दिन भी नहीं बचे हैं। पिछले सत्र में 3700 आवेदन मिले थे। इस बार यह आंकड़ा तीन हजार भी पार कर पाएगा या नहीं इस पर संशय ही है।
आठ जुलाई पर प्रवेश परीक्षा
बीएससी नर्सिंग कॉलेज में नए सत्र में प्रवेश के लिए आठ जुलाई को प्रवेश परीक्षा होगी। इसके लिए 18 जून ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख है। 26 जून को एडमिट कार्ड डाउनलोड होंगे। बीस जुलाई को प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित किया जाएगा। 24 जुलाई को पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। एक अक्तूबर से नया सत्र शुरू होगा।
पोस्ट बेसिक नर्सिंग कोर्स को 26 तक आवेदन- आईजीएमसी के नर्सिंग कॉलेज की 60 और अन्य निजी नर्सिंग कॉलेजों की 165 सीटों पर प्रवेश के लिए 26 जून तक ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि है। एचपीयू के प्रवेश शेडयूल के मुताबिक सात जुलाई को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने को उपलब्ध होंगे।
15 जुलाई को प्रवेश परीक्षा होगी, जबकि 27 जुलाई को परिणाम घोषित किया जाएगा। 30 जुलाई को पहली मेरिट जारी होगी। काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी करने के बाद एक अक्तूबर से नए सत्र की कक्षाएं शुरू होंगी।