राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन, इन टीमों ने लहराया जीत का परचम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ब्वायज सीनियर सेकेंडरी स्कूल घुमारवीं में चल रही चार दिवसीय अंडर-19 छात्र वर्ग की राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। समापन समारोह में उच्च शिक्षा निदेशक डॉक्टर बीएल विंटा ने बतौर मुख्यअतिथि शिरकत कर विजेता बच्चों को सम्मानित किया।
बैडमिंटन में शिमला जिला ने पहला स्थान झटका, जबकि ऊना को दूसरे स्थान से ही संतोष करना पड़ा। वॉलीबाल में शिमला विजेता तो मंडी उपविजेता, कबड्डी में ऊना प्रथम और सोलन दूसरे स्थान पर रहा। खो-खो की विजेता ट्रॉफी शिमला के नाम रही, जबकि रनरअप की ट्रॉफी सोलन के नाम रही।
टेबल टेनिस में कांगड़ा विजेता रहा और मंडी उप विजेता। बैडमिंटन में शिमला अव्वल तो ऊना दूसरे स्थान पर रहा। कुश्ती प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियन का खिताब बिलासपुर के नाम रहा, जबकि राज्य स्तरीय कुश्तियों का खिताब भी बिलासपुर ने ही झटका। इसके अलावा स्टेट विजेता स्पोर्ट्स होस्टल रोहड़ू बना। मार्चपास्ट की ट्रॉफी पर सोलन की टीम ने कब्जा किया।
इससे पहले शारीरिक संघ के प्रधान धर्मपाल ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। छात्राओं ने पारंपरिक परिधानों में लोक नृत्य पेश किया। मुख्य अतिथि ने बच्चों की तैयारी करवाने वाली अध्यापिकाओं की सराहना की।
खेल प्रबंधन को मिली 31000 रुपये की सहयोग राशि
मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता में सहयोग करने वालों को स्मृति चिन्ह देकर समानित किया। इसके अलावा जिला शारीरिक, डीपीओ को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मनित किया गया। मुख्यातिथि ने खेल प्रबंधन को 31000 रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की।
इस अवसर पर परशु राम अवार्ड प्राप्त जगदीश चंद पहलवान, जिला शिक्षा उपनिदेशक अमर सिंह ठाकुर, स्कूल प्रधानाचार्य जोगेंद्र राव, अमरनाथ धीमान,पवन कुमार, प्रेम वशिष्ठ सहित अन्य कई उपस्थित थे।
इंटर कॉलेज खो-खो में हमीरपुर ने मारी बाजी
राजकीय महाविद्यालय नेरवा में चल रही तीन दिवसीय पुरुष वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। इंटर कॉलेज खो-खो प्रतियोगिता में हमीरपुर चैंपियन रहा। अंतिम दिन हुए सेमीफाइनल मुकाबलों में राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर ने बीबीएन चकमोह को पटकनी देकर फाइनल में जगह बनाई।
जबकि राजकीय महाविद्यालय करसोग ने महाराजा लक्ष्मण सेन महाविद्यालय सुंदरनगर को पछाड़ कर अंतिम दौर में प्रवेश किया। इसके अलावा तीसरे स्थान के लिए बीबीएन चकमोह और सुंदरनगर के बीच मुकाबला हुआ। इसमें चकमोह ने सुंदरनगर को धूल चटाकर यह मुकाबला जीता।
अंतिम मुकाबला हमीरपुर और करसोग महाविद्यालय की टीम के बीच खेला गया, जिसमें हमीरपुर ने शुरू से ही दबदबा बनाते हुए यह मुकाबला सात मिनट पहले ही अपने नाम कर जीत हासिल की। करसोग की टीम को दूसरे स्थान पर ही संतोष करना पड़ा। बीते वर्ष भी अर्की में हुई प्रतियोगिता में हमीरपुर ने ही बाजी मारी थी और करसोग भी वहां दूसरे स्थान पर ही रहा था।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर एचपीयू के वीसी डॉ. आरएस चौहान ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत कर विजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य एचके ठाकुर ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए समस्त खिलाड़ियों, टीम प्रभारियों, कॉलेज स्टाफ और पदाधिकारियों, स्थानीय प्रशासन और स्थानीय लोगों का आभार प्रकट किया।
इस मौके पर एसडी पब्लिक स्कूल नेरवा के प्रधानाचार्य चमन शर्मा, प्रतियोगिता के आबजर्वर डॉ. गोपाल दासटा, खेल आयोजन समिति सचिव रविंद्र कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।