सैनिक स्कूल सुजानपुर ने बीस साल बाद जीती एनडीए ट्रॉफी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के एकमात्र सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा ने देश के सभी सैनिक स्कूलों को पछाड़ते हुए 20 साल बाद एनडीए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। रक्षा राज्य मंत्री ने सुजानपुर सैनिक स्कूल प्रशासन को इस ट्रॉफी से नवाजा है। एनडीए ट्रॉफी प्राप्त करने वाला सैनिक स्कूल सुजानपुर तीसरी बार इस मकाम को हासिल करने में कामयाब हुआ है।
स्कूल प्रधानाचार्य को यह ट्रॉफी गुरुवार को हरियाणा में चल रहे सैनिक स्कूल के कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री ने दी। एनडीए ट्रॉफी के साथ-साथ एक लाख का चेक भी सैनिक स्कूल प्रधानाचार्य एके पॉल को दिया गया है। स्कूल के उप-प्रधानाचार्य जसकरण सिंह परमार ने बताया कि सैनिक स्कूल सुजानपुर को रक्षा मंत्री ट्रॉफी से भारत के रक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुभाष रामराज भामरे की ओर से सम्मानित किया गया है।
उन्होंने कहा कि देश के करीब 27 सैनिक स्कूल इस ट्रॉफी को प्राप्त करने के लिए जोर आजमाइश करते हैं। यह ट्रॉफी उसी सैनिक स्कूल को प्राप्त होती है, जिस सैनिक स्कूल से सबसे ज्यादा छात्र एनडीए में चयनित हुए हों।
इस वर्ष सैनिक स्कूल सुजानपुर से 15 छात्र एनडीए में शामिल हुए हैं। उन्होंने बताया वर्ष 1994 और वर्ष 1998 में भी इस ट्रॉफी को सैनिक स्कूल सुजानपुर ने प्राप्त किया है। सैनिक स्कूल के रजिस्ट्रार लेफ्टिनेंट कमांडर सचिन वर्मा और स्टाफ के सदस्यों ने स्कूल को एनडीए ट्रॉफी मिलने पर खुशी जताई है।
सैनिक स्कूल में प्रवेश के लिए छह जनवरी को परीक्षा
सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा 6 जनवरी 2019 को प्रवेश परीक्षा करवाएगा। स्कूल के प्रिंसिपल ग्रुप कैप्टन एके पाल ने बताया कि यह प्रवेश परीक्षा छठी और नवीं कक्षाओं के लिए होगी। छठी कक्षा के लिए 1 अप्रैल 2007 और 31 मार्च 2009 के बीच जन्म लेने वाले छात्र पात्र होंगे। नवीं कक्षा के लिए 1 अप्रैल 2004 और 31 मार्च 2006 के बीच जन्मे छात्र पात्र रहेंगे।
छठी कक्षा के लिए 80 जबकि नवीं कक्षा के लिए 10 रिक्तियां भरी जाएंगी। आवेदन ऑनलाइन भरे जा सकते हैं। आवेदन शुल्क अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के लिए 250 जबकि अन्य के लिए 400 रुपये निर्धारित है।
आवेदन शुल्क की अदायगी भी ऑनलाइन ही की जा सकेगी। आवेदन फार्म 8 अक्तूबर से ऑनलाइन उपलब्ध हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 26 नवंबर होगी। चंबा के लिए परीक्षा केंद्र राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंबा रहेगा।