लोकसेवा आयोग: अब 22 जून तक कर सकेंगे एचएएस-एचपीएस भर्ती के लिए आवेदन
राज्य लोकसेवा आयोग के सचिव आशुतोष गर्ग ने बताया कि राज्य प्रशासनिक सेवा के आठ पद कार्मिक विभाग के तहत भरे जाएंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राज्य लोकसेवा आयोग ने हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा, पुलिस प्रशानिक सेवा सहित 16 पदों की लिखित परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 22 जून तक बढ़ा दी है। कोरोना संकट को देखते हुए आयोग ने 15 जून तक आवेदन करने को निर्धारित तारीख को बढ़ाने का फैसला लिया है। आयोग के सचिव आशुतोष गर्ग ने बताया कि राज्य प्रशासनिक सेवा के आठ पद कार्मिक विभाग के तहत भरे जाएंगे। खाद्य आपूर्ति विभाग के तहत जिला नियंत्रक का एक पद, गृह विभाग के तहत प्रदेश पुलिस सेवा के चार पद, राजस्व विभाग के तहत तहसीलदार का एक पद और सहकारिता विभाग के तहत असिस्टेंट रजिस्ट्रार के दो पद भरे जाएंगे।
21 वर्ष से अधिक आयु के युवा और 35 वर्ष से कम आयु वाले आवेदन करने के लिए पात्र होंगे। बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, धर्मशाला, पालमपुर, मंडी, शिमला, नाहन, सोलन, ऊना, हमीरपुर और सुंदरनगर में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को परीक्षा में भाग लेने के लिए 400 रुपये की फीस जमा करनी होगी। अन्य राज्यों के किसी भी श्रेणी के अभ्यर्थी को भी 400 रुपये की फीस देनी होगी। आरक्षित वर्ग से 100 रुपये की फीस ली जाएगी। महिला अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने के लिए कोई शुल्क नहीं चुकाना होगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा आयोजित करने से कम से कम पंद्रह दिन पहले इसकी सूचना दी जाएगी।
न्यायिक सेवा के एक जुलाई से होंगे व्यक्तित्व टेस्ट
राज्य लोक सेवा आयोग ने विभिन्न पदों को भरने की प्रक्रिया भी तेज कर दी है। सोमवार को आयोग की ओर से चार विभिन्न श्रेणियों के व्यक्तित्व परीक्षण का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। आयोग के सचिव आशुतोष गर्ग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश न्यायिक सेवा का व्यक्तित्व टेस्ट 1 से 3 जुलाई तक होगा। तहसील वेलफेयर ऑफिसर का व्यक्तित्व टेस्ट भी एक से 3 जुलाई तक होगा। इसके अलावा एचआरटीसी में रीजनल मैनेजर के पद भरने के लिए एक और दो जुलाई को टेस्ट होगा। एचआरटीसी में ही मैनेजर टेक्निकल का पद भरने के लिए 3 जुलाई को व्यक्तित्व टेस्ट होगा। उन्होंने बताया कि मुख्य परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों को एसएमएस और ईमेल के माध्यम से इसकी जानकारी दी जा रही है।
वर्क मैनेजर के कंप्यूटर टेस्ट में 30 अभ्यर्थी पास
राज्य लोक सेवा आयोग ने परिवहन विभाग में वर्क मैनेजर के पद भरने के लिए बीते दिनों लिए कंप्यूटर टेस्ट का परिणाम जारी कर दिया है। 30 अभ्यर्थियों को पर्सनैलिटी टेस्ट के लिए चुना गया है।