सरकार की बड़ी पहल, 9वीं, 10वीं के छात्रों का होगा ऑनलाइन टेस्ट
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले नवीं और दसवीं कक्षा के बच्चों को सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करेगी। शिक्षा विभाग के स्वयंसिद्धम पोर्टल पर स्कूली बच्चों का ज्ञान जांचा जाएगा।
इसी महीने नवीं और दसवीं कक्षा के बच्चों की गणित और विज्ञान विषय की ऑनलाइन परीक्षा ली जाएगी। इस परीक्षा के आधार पर पाठशाला, जिला और राज्य स्तर पर वरीयता सूची बनाई जाएगी।
स्कूली बच्चों से नीट, आईआईटी और बोर्ड परीक्षा स्तर के आब्जेक्टिव टाइप प्रश्न पूछे जाएंगे। उच्च शिक्षा निदेशक दिनकर बुराथोकी ने ऑनलाइन परीक्षा लेने की पुष्टि की है।
ऑनलाइन परीक्षा के आयोजन के लिए शिक्षा निदेशालय ने पंचकूला एजूकेशन एसोसिएट के चेयरमैन डा. ओपी सिंह के साथ एक करार किया है।
परीक्षा में पूछे जाएंगे ये सवाल
इसके तहत एजूकेशन एसोसिएट शिक्षा विभाग को उच्च गुणवत्ता पूर्ण ई मैटीरियल उपलब्ध करवाएगा। इसे स्वयंसिद्धम पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। स्कूली बच्चों को यह ई मैटीरियल निशुल्क उपलब्ध करवाया जाएगा। ऑनलाइन परीक्षा दो स्तर की होगी।
पहले स्तर पर बोर्ड परीक्षा और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं से संबंधित सवाल पूछे जाएंगे। दूसरे स्तर में नीट और आईआईटी स्तर के प्रश्न पूछे जाएंगे। शिक्षा विभाग का यह प्रयास अगर सफल रहता है तो अगले साल से अन्य विषय में भी ऑनलाइन परीक्षा ली जाएगी। परीक्षा का दायरा बढ़ाकर जमा एक और जमा दो कक्षा तक किया जाएगा।
अभिभावकों को भी करवाएंगे अवगत
इस ऑनलाइन परीक्षा के परिणाम से स्कूली बच्चों के अभिभावकों को भी अवगत करवाया जाएगा। उच्च शिक्षा निदेशालय ने स्कूल प्रिंसिपलों को निर्देश जारी कर नवीं और दसवीं कक्षा के बच्चों के अभिभावकों के मोबाइल फोन नंबर एकत्र करने को कहा है। अभिभावकों को परीक्षा परिणाम की जानकारी मोबाइल फोन पर मुहैया करवाई जाएगी। मोबाइल फोन नंबर से सभी बच्चों को परीक्षा के लिए पंजीकृत भी किया जाएगा।