HPBOSE EXAM: फेल छात्र ऐसे बचा सकेंगे एक साल, बोर्ड ने की ये व्यवस्था
एनआईओएस ने स्कूल शिक्षा बोर्ड की मैट्रिक और जमा दो परीक्षा में फेल विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की मैट्रिक और जमा दो की वार्षिक परीक्षाओं में फेल विद्यार्थियों का एनआईओएस (राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान) एक साल बचाएगा।
इसके लिए एनआईओएस क्रेडिट ट्रांसफर सिस्टम के तहत मई अंत से अगस्त तक ऑन डिमांड पेपर लेगा। क्रेडिट ट्रांसफर सिस्टम के तहत अभ्यर्थियों को केवल वही परीक्षा देनी होगी, जिसमें वह फेल हुआ है। सप्ताह में तीन दिन परीक्षाएं होंगी, जबकि एक दिन प्रैक्टिकल के लिए निर्धारित किया गया है।
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के घोषित जमा दो के नतीजों में 15784 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट है, जबकि करीब 13000 से अधिक परीक्षार्थी फेल हैं। दसवीं में 15214 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट और करीब 26000 विद्यार्थी फेल हुए हैं।
हफ्ते में तीन दिन होगी परीक्षा
एनआईओएस केवी योल कैंट, केवी हमीरपुर और एनआईओएस के क्षेत्रीय केंद्र धर्मशाला में सप्ताह में तीन दिन ऑन डिमांड परीक्षा होगी। मंगलवार, बुधवार और वीरवार को परीक्षा होगी, जबकि शुक्रवार को प्रैक्टिकल लिया जाएगा।
ये है क्रेडिट ट्रांसफर सिस्टम
क्रेडिट ट्रांसफर सिस्टम के तहत किसी भी बोर्ड से फेल अभ्यर्थी एनआईओएस से केवल उन्हीं विषयों की परीक्षा देगा, जिसमें वह फेल है। पास हुए विषयों के नंबरों को संबंधित बोर्ड से ट्रांसफर करके एनआईओएस का प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
मैट्रिक और जमा दो में फेल अभ्यर्थियों का एक साल बचाने को एनआईओएस क्रेडिट ट्रांसफर सिस्टम के तहत ऑन डिमांड परीक्षा ले रहा है। - संजीव शर्मा, एनआईओएस क्षेत्रीय निदेशक धर्मशाला