नीट आज, शिमला में चार हजार से अधिक परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में एमबीबीएस और बीडीएस कोर्स में प्रवेश के लिए रविवार को नेशनल इलिजिबिल्टिी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) लेगी। प्रदेश में शिमला और हमीरपुर में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
शिमला में 12 परीक्षा केंद्र हैं। इनमें 4604 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। एनटीए ने परीक्षार्थियों के लिए अपनी वेबसाइट पर एडवाजरी और दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पांच मई को परीक्षा दोपहर 2 से पांच बजे तक होगी। परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी।
इसकी बाकायदा वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी। हर परीक्षा केंद्र में मोबाइल जैमर लगाए गए हैं। परीक्षार्थी ऑनलाइन जेनरेट एडमिट कार्ड पर दिए परीक्षा केंद्र में 12 बजे रिपोर्ट करें। डेढ़ बजे के बार एंट्री नहीं मिलेगी।
गेट पर पहचान साबित करने के लिए परीक्षार्थी को पेन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी, पासपोर्ट, फोटो युक्त आधार कार्ड, ई आधार/राशन कार्ड में से कोई एक साथ लाना होगा।
बिना आधार नंबर जारी आईकार्ड मान्य नहीं होंगे। हर परीक्षार्थी को परीक्षा पूर्व तलाशी देनी होगी। दिव्यांग परीक्षार्थियों को सक्षम अधिकारी से जारी प्रमाणपत्र लाना होगा।
परीक्षा केंद्र में नहीं होगी ये ले जाने की अनुमति
परीक्षा केंद्र में किसी तरह के उपकरण, ज्योमैट्री बॉक्स, पेंसिल बॉक्स, हैंड बैग, पर्स, किसी तरह का कागज, लिखित सामग्री, खाने-पीने की सामग्री, मोबाइल, ईयर फोन, माइक्रोफोन, कैल्कुलेटर, डोकुपेन, स्लाइड रूल्स, लोग टेबल, कैमरा, टेप रिकॉर्डर, कैलकुलेटर वाली इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, इलेक्ट्रानिक गैजेट्स, मेटेलिक आइटम ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
यह रहेगा ड्रेस कोड
परीक्षार्थियों के लिए ड्रेस कोड तक तय किया गया है। परीक्षा हाल में अंगुठी, ईयर रिंग, नोज पिन, चैन, हार, बैज, ब्रूच पहनकर नहीं जा सकेंगे। अनुकूल मौसम होने पर हल्के, आधी बाजू के वस्त्र पहनकर आना होगा। चप्पल कम एड़ी के सैंडल पहनकर आएं। जूते पहनकर प्रवेश नहीं मिलेगा। सांस्कृतिक और पारंपरिक परिधान के साथ प्रवेश चाहने वाले परीक्षार्थी को बारह बजे रिपोर्ट करना होगा। परीक्षार्थियों के लिए 17 प्वाइंट के दिशा-निर्देश दिए हैं। एडमिट कार्ड पर भी आवश्यक जानकारी दी गई है।
शिमला में इन 12 परीक्षा केंद्रों में होगी परीक्षा
शिमला में रविवार को 12 परीक्षा केंद्रों में 4604 परीक्षार्थी नीट देंगे। सिटी को-आर्डिनेटर विदुप्रिया चक्रवर्ती ने कहा कि परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शिमला में सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल संजौली, केवी जाखू हिल्स, सेंट थॉमस स्कूल, सेंट एडवर्ड, चैप्सली स्कूल भराड़ी, सेक्रेड हार्ट कान्वेंट स्कूल ढली, केंद्रीय तिब्तियन स्कूल छोटा शिमला, दयानंद पब्लिक स्कूल, केवी जतोग, डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल न्यू शिमला, कान्वेंट ऑफ जीजस एंड मैरी स्कूल नवबहार, जेसीबी न्यू शिमला परीक्षा केंद्र बनाए हैं।