छात्रों को बड़ी राहत, कॉलेजों में एडमिशन का एक और मौका
किसी कारणवश यूजी में एडमिशन से चूके विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने निर्धारित तिथि तक प्रवेश न ले पाने वाले या फिर फीस जमा न करवा पाने वाले छात्रों को राहत दी है।
विश्वविद्यालय ने ऐसे छात्रों को बारह जुलाई तक प्रवेश लेने का समय दे दिया है। कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी ने छात्रों व छात्र संगठनों द्वारा उठाई गई समस्या को देखते हुए छात्र हित में यह फैसला लिया है।
विवि कुलसचिव डा. पंकज ललित ने बढ़ाई गई तिथि की अधिसूचना जारी की है। कुलसचिव ने साफ किया है कि इसके बाद किसी भी छात्र को फीस जमा करवाने को मोहलत नहीं दी जाएगी।
जानिए कौन कौन छात्र ले सकेंगे एडमिशन
विवि की ओर से जारी दो अलग अलग अधिसूचनाओं में कहा गया है कि जो छात्र कंपार्टमेंट परीक्षा परिणाम देरी से घोषित होने या कॉलेजों में सीटों की उपलब्धता, बीमारी या दुर्घटना जैसे अन्य कारणों से रूसा सीबीसीएस यूजी कोर्स में प्रवेश नहीं ले पाए हैं, वे बारह जुलाई तक प्रवेश ले सकते हैं। इसके बाद किसी भी सूरत में प्रवेश की तिथि नहीं बढ़ाई जाएगी और न ही किसी को इसकी अनुमति दी जाएगी।
दूसरी अधिसूचना में साफ किया गया है कि जो छात्र किन्हीं अपरिहार्य कारणों से सीबीसीएस रूसा के तहत स्नातक स्तर के तृतीय और पांचवें सेमेस्टर की (रोल आन) निरंतरता शुल्क जमा नहीं करवा पाए हैं, या वे छात्र जो तीस जून की तय तिथि तक अपना प्रवेश फार्म जमा करवाया है, मगर वे फीस जमा नहीं करवा पाए हैं, वे भी बारह जुलाई तक फीस जमा करवा सकेंगे।