प्रश्नपत्रों की अदला बदली से दो घंटे देरी से हुई जेएनवी परीक्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के पेपर दो सेंटर में अदला-बदली हो गए। इसके चलते अंब और बंगाणा सेंटर में करीब दो घंटे देरी से परीक्षा शुरू हुई।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अंब में हिंदी माध्यम के 190 पेपर के बदले बंगाणा सेंटर के 190 अंग्रेजी माध्यम के पेपर पहुंच गए। अंब सेंटर में कुल 356 बच्चों ने परीक्षा देनी थी। इनमें से 111 बच्चों ने अंग्रेजी और 245 बच्चों ने हिंदी माध्यम में परीक्षा देनी थी।
अंब सेंटर में पहुंचे प्रश्नपत्र के दो पैकेटों में से पहले पैकेट में 120 अंग्रेजी माध्यम के और 70 हिंदी माध्यम के थे। दूसरे पैकेट में 190 पेपर अंग्रेजी माध्यम के थे, जोकि हिंदी माध्यम के होने चाहिए थे। हालांकि, पैकेट के ऊपर हिंदी लिखा हुआ था।
दोनों सेंटर में पेपर की अदला बदली के कारण दोनों केंद्र में परीक्षा समय पर शुरू नहीं की जा सकी। इस बारे स्कूल प्रधानाचार्य की तरफ से तुरंत उपायुक्त ऊना और नवोदय विद्यालय की प्रधानाचार्य को फोन पर सूचित किया गया।
ऐसे सुलझा मामला
इसके बाद पुलिस कर्मियों और नवोदय विद्यालय स्टाफ सदस्यों की निगरानी में दोनों सेंटरों के पेपरों में अदला-बदली की गई। सुबह 11:30 बजे शुरू होने वाली परीक्षा दोपहर 1:23 बजे शुरू हो पाई। इस दौरान अंब स्कूल में बच्चों को सेंटर से बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी गई।
परीक्षा में देरी के कारण बच्चों को फ्रूट जूस और बिस्कुट खिलाए गए। साथ ही जिन बच्चों के अभिभावक भोजन लाए थे, उन्हें परीक्षा केंद्र के अंदर ही बच्चों को भोजन करवाने की इजाजत दी गई।
उधर, जवाहर नवोदय विद्यालय पेखूवेला की प्रधानाचार्य अनूपा ठाकुर ने बताया कि हिंदी माध्यम के पेपर के बंडल के ऊपर अंग्रेजी और अंग्रेजी माध्यम के बंडल पर हिंदी लिखे जाने से दोनो सेंटरों में दिक्कत आई थी।
इस बारे संस्था के चंडीगढ़ कार्यालय और उपायुक्त ऊना को सूचित किया गया था। इसके बाद एसडीएम अंब और तहसीलदार बंगाणा की देखरेख में पेपरों की अदला बदली की गई।
पेपर लीक होने की मची रही अफवाह
रावमापा अंब में पेपर लीक होने की अफवाह के कारण बच्चों के अभिभावकों में अफरातफरी मच गई। अभिभावक उत्तेजित दिखे, जिन्हें बाद में सारा मामला समझाकर स्कूल प्रबंधन की तरफ से शांत किया गया।
सूचना मिलने पर अंब के तहसीलदार विपन कुमार भी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान फौजी वर्दी में आए एक व्यक्ति ने कथित रूप से स्कूल प्रधानाचार्य को परीक्षा में उसके बच्चे की मदद करने को कहा।
प्रधानाचार्य के इंकार के बाद भी उसने फोन पर इस बारे में दबाव बनाया। स्कूल में पेपर लीक की अफवाह के पीछे उक्त व्यक्ति की भूमिका बताई जा रही है। स्कूल प्रधानाचार्य असीम धीमान ने बताया कि उन्होंने उक्त व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है।