सरकारी क्षेत्र में शिफ्ट होंगे आईटीआई के कई पेड कोर्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश में स्थित 131 सरकारी आईटीआई में इंस्टीट्यूशनल मैनेजमेंट कमेटी(आईएससी) के तहत चल रहे कई पेड कोर्स सरकारी क्षेत्र में शिफ्ट होंगे। अगले साल से प्रदेश सरकार यह नई व्यवस्था करने जा रही है। इस व्यवस्था के लागू होने पर आईटीआई में पेड सीटों की व्यवस्था खत्म हो जाएगी। विद्यार्थियों को सरकार की ओर से तय की गई फीस पर ही इन कोर्सों में दाखिला मिल जाएगा।
इस व्यवस्था से हजारों विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। तकनीकी शिक्षा मंत्री बिक्रम ठाकुर ने बताया कि आईटीआई में आईएमसी के तहत चल रहे कुछ कोर्स सरकारी क्षेत्र में शिफ्ट किए जाएंगे। सरकारी क्षेत्र में खुले सभी आईटीआई में आईएमसी के तहत 10 से 15 कोर्स चल रहे हैं। इन कोर्सों में प्रवेश लेने के लिए अलग से फीस है। महंगे कोर्स होने के चलते प्रदेश के कई युवा इन कोर्स में प्रवेश लेने से गुरेज करते हैं।
ऐसे विद्यार्थियों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकार ने कुछ कोर्स सरकारी क्षेत्र में शिफ्ट करने का फैसला लिया है। जो विद्यार्थी पहले से इन कोर्सों के तहत पढ़ाई कर रहे हैं, उन्हें भी सरकारी क्षेत्र में शिफ्ट किया जाएगा। इन कोर्सों को पढ़ाने के लिए कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से आईटीआई इंस्ट्रक्टर की भर्ती की जाएगी।
वर्तमान में प्रदेश के सरकारी आईटीआई में 60 हजार से अधिक विद्यार्थी प्रशिक्षण ले रहे हैं। आईएमसी के तहत चल रहे कोर्सों की फीस 30 से 35 हजार रुपये है। इन कोसों को पढ़ाने के लिए आईएमसी अपने स्तर पर प्रशिक्षकों की भर्ती करती है, जबकि सरकारी क्षेत्र में चल रहे कोर्सों की फीस एक से दो हजार रुपये के बीच है।