आईएएस-आईपीएस बनने का क्रेज, कोचिंग के लिए इतने आवेदन
युवाओं में आईएएस और आईपीएस बनने का क्रेज है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं की कोचिंग के लिए पहली बार हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी में शुरू होने वाले बैच के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
अभ्यर्थियों के उत्साह का इसी से आंकलन किया जा सकता है कि 70 सीटों के इस कोचिंग बैच के लिए 510 से अधिक आवेदकों ने प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है। इस बैच के लिए तीस अप्रैल को विवि कैंपस में सुबह ग्यारह से एक बजे तक प्रवेश परीक्षा होगी।
इसका परिणाम तीन मई तक घोषित कर मेरिट जारी कर दी जाएगी। पांच मई को चयनित अभ्यर्थियों का पंजीकरण किए जाने के बाद सात मई सुबह नौ बजे से कोचिंग की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। कोचिंग के लिए दिल्ली की संकल्प संस्था से विवि के साथ हुए करार के मुताबिक पहले तीन माह के लिए कक्षाओं का शेड्यूल भी कोचिंग संस्थान ने तय कर दिया है।
नौ से छह होगा कक्षा का शेडयूल
संस्थान के निदेशक प्रो. जोगिंद्र सिंह धीमान ने बताया कि पहली बार संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं की तैयारी के लिए संस्थान ने प्रदेश सरकार के सहयोग से एक्सपर्ट फैकल्टी की व्यवस्था कर कोचिंग में गुणात्मक सुधार करने को कदम उठाया है।
इस पहल से प्रदेश भर के युवा प्रतिभाओं को अपने ही प्रदेश में कोचिंग और सही मार्गदर्शन मिलेगा। अप्रैल 2019 तक के दस माह के समय में कोचिंग बैच को आठ सौ घंटे की कक्षाएं होगी।
इसमें पहले तीन माह के लिए उपलब्ध फैकल्टी के मुताबिक आठ घंटे प्रति रोज सुबह नौ से छह बजे तक का कक्षा शेडयूल तैयार कर लिया गया है। पांच मई को पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर 7 मई से बैच की कोचिंग कक्षाएं शुरू हो जाएगी।