बीटेक के लिए इस दिन होगी प्रवेश परीक्षा, ऑनलाइन कर सकेंगे आवेदन
एचपीयू ने बीटेक की प्रवेश परीक्षा के लिए तिथि निर्धारित कर दी है। एचपीयू के यूआईआईटी संस्थान (यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी) के दो बीटेक कोर्स के लिए प्रवेश का शेड्यूल जारी कर दिया गया है।
संस्थान में चल रहे बीटेक सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और बीटेक कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग (सीएसई) पाठ्यक्रम की 71-71 सीटों के लिए मंगलवार से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके लिए संस्थान व विवि की वेबसाइट व प्रवेश पोर्टल को खोल दिया गया है।
कोर्स में प्रवेश लेने के इच्छुक 19 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इन दोनों पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 3 जून को प्रवेश परीक्षा होगी। 14 जून को परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। प्रवेश के लिए 27 जून को संस्थान की वेबसाइट पर काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा।
दो जुलाई को पहली काउंसलिंग विवि में होगी। इन दोनों कोर्स की कक्षाएं और नया सत्र एक अगस्त से शुरू हो जाएगा, जबकि 18 जून प्रवेश की अंतिम तिथि तय की गई है।
संस्थान के निदेशक प्रो. मनु सूद ने बताया कि शेड्यूल के मुताबिक ही प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अंतिम तिथि के बाद 31 अगस्त को कुलपति की विशेष मंजूरी के बाद ही प्रवेश मिल सकेगा।
वेबसाइट पर उपलब्ध होगी प्रवेश संबंधित जानकारी
यूआईआईटी के दोनों बीटेक कोर्स में प्रवेश के लिए आवेदन करने को तय पात्रता शर्तें और प्रवेश संबंधित प्रक्रिया की पूरी जानकारी संस्थान की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी। इसके लिए छात्र www.uiit.ac.in पर इस संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय को वेब ऐनेबल्ड बनाने के लिए शुरू किए गए एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग प्रोजेक्ट के तहत ही आनलाइन प्रवेश दिया जा रहा है। इस बार यूआईआईटी के दोनों कोर्स के साथ विवि के कंप्यूटर साइंस विभाग के एमसीए और एम टेक कोर्स के लिए https://admissions.hpushimla.in के माध्यम से ही आवेदन किया जा सकेगा।