{"_id":"57c673494f1c1bf47f2cb48c","slug":"hpu-constitute-high-level-committee-to-probe-into-rusa-result","type":"story","status":"publish","title_hn":"हजारों छात्र कैसे हो गए फेल, हाई लेवल कमेटी करेगी जांच","category":{"title":"Campus","title_hn":"कैंपस ","slug":"campus"}}
हजारों छात्र कैसे हो गए फेल, हाई लेवल कमेटी करेगी जांच
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
Updated Wed, 31 Aug 2016 11:34 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूजी रूसा के तीसरे बैच के पहले सेमेस्टर की परीक्षा के खराब रहे परिणाम पर प्रदेशभर में हो रहे हल्ले के बाद विवि प्रशासन हरकत में आ गया है। एचपीयू ने रिजल्ट की जांच के लिए उच्च स्तरीय कमेटी का गठन कर दिया है। वीसी प्रो. एडीएन वाजपेयी ने कमेटी गठन किया। साथ ही इस परीक्षा में फेल हुए छात्रों को तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा के साथ पहले सेमेस्टर को पास करने का मौका दिए जाने का फैसला भी ले लिया है।
विज्ञापन
गौरतलब है कि रूसा के शनिवार को घोषित किए पहले सेमेस्टर में हजारों की संख्या में छात्र फेल हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए परीक्षा नियंत्रक ने अपने स्तर पर जांच शुरू की थी, मगर अब कुलपति ने बाकायदा उच्च स्तरीय कमेटी का गठन कर दिया है।
विज्ञापन
अधिष्ठाता महाविद्यालय विकास परिषद प्रो. एसएस चौहान की अध्यक्षता में बनाई पांच सदस्यीय कमेटी में विवि के परीक्षा नियंत्रक डा. जेएस नेगी, राजीव गांधी महाविद्यालय कोटशेरा के प्राचार्य डा. राजा राम चौहान, हिमाचल प्रदेश महाविद्यालय प्राध्यापक संघ के महासचिव डा. राम लाल शर्मा के अलावा विवि के सिस्टम एनालिस्ट डा. मुकेश कुमार सदस्य बनाए गए हैं।
विज्ञापन
कमेटी को जल्द इस जांच को पूरा कर इसकी रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने जांच में यह देखने को कहा है कि इस परिणाम में कहीं सॉफ्टवेयर में तकनीकी खामी कारण तो नहीं है। वहीं कमेटी कॉलेजों से आए अंक अवार्ड के विवि पहुंचने और उसकी खामियों को भी जांचेगी।
कमेटी उत्तर पुस्तिकाओं की भी जांच करेगी कि इनका मूल्यांकन सही हुआ है या नहीं। प्रो. वाजपेयी ने कहा कि परीक्षा परिणाम को लेकर उठ रहे इन सवालों के बाद वे छात्रों के भविष्य के लेकर चिंतित हैं, उनका हर संभव प्रयास रहेगा, इसके कारणों का पता जल्द से जल्द लगाया जाए।
छात्र संगठनों से शांति की अपील
वीसी ने कहा कि परीक्षा परिणाम खराब रहा है, कारणों का पता लगाने को कमेटी बना दी गई है, इसकी रिपोर्ट जल्द प्राप्त कर जो भी छात्र हित में फैसला होगा ले लिया जाएगा। उन्होंने छात्र संगठनों से अपील की है कि वे माहौल खराब न करें। शांति बनाए रखें। छात्रों का अहित नहीं होने दिया जाएगा।
रूसा पहले सेमेस्टर का रिजल्ट खराब रहने से तनाव में स्टूडेंट्स
रूसा प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में 90 प्रतिशत छात्रों के फेल होने के चलते कई स्टूडेंट्स तनाव में आ गए हैं। छात्र संगठनों का आरोप है कि मंडी कालेज में मंगलवार को आत्महत्या करने वाली छात्रा भी तनाव में थी। प्रदेश के कई कालेजों में मंगलवार को धरना प्रदर्शन हुए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ स्टूडेंट्स सड़कों पर उतर आए हैं।
पढ़ाई पूरी तरह से ठप हो गई है। कई कालेजों में पूरी ही क्लास फेल हो गई है। रूसा प्रथम सेमेस्टर के रिजल्ट से प्रदेश में हड़कंप मच गया है। स्टूडेंट्स के साथ-साथ अभिभावक भी परेशान हैं। मंडी जिले के सबसे बड़े वल्लभ कॉलेज में मंगलवार को छात्रावास में बीएससी तृतीय सेमेस्टर की छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है।
खुदकुशी करने के इस मामले को रूसा के तहत निकाले गए खराब परीक्षा परिणाम से जोड़कर देखा जा रहा है। यह छात्रा पांच सब्जेक्ट में से तीन में फेल बताई जा रही है। छात्र संगठनों का दावा है कि खराब परिणाम के चलते ही छात्रा को ऐसा कदम उठाना पड़ा होगा।
उधर, प्रदेश के कई कालेजों में मंगलवार का प्रदर्शन कर छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्र संगठनों का कहना है कि वेबसाइट से डाउनलोड रिजल्ट कार्ड में इंटरनल असेसमेंट और थ्योरी परीक्षा अंक के आगे स्टार लगे हैं। इससे परीक्षा में अपीयर करीब 40 हजार छात्र-छात्राएं परेशान हैं।
परिणाम आधिकारिक तौर पर 32 हजार छात्रों का ही घोषित हुआ है। जिनका हुआ है, उनमें अधिकतर फेल हैं। मंगलवार को विश्वविद्यालय में काफी संख्या में स्टूडेंट्स रिजल्ट को लेकर पूछताछ करने पहुंचे।
छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय के इस नए कारनामे के खिलाफ आने वाले दिनों में विरोध प्रदर्शन तेज करने का फैसला लिया है। पूरे प्रदेश के कालेजों में एसएफआई और एबीवीपी अभियान चलाने की तैयारियों में जुट गई है।