HPTU: दाखिले की प्रक्रिया शुरू, यहां करें ऑनलाइन आवेदन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी हमीरपुर ने प्रदेश भर के तकनीकी महाविद्यालयों में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। यूनिवर्सिटी 13 मई को इंजीनियरिंग महाविद्यालयों और बी-फार्मेसी महाविद्यालयों में एडमिशन के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन करेगी, जबकि एमबीए और एमसीए के लिए 14 मई को प्रवेश परीक्षा होगी।
विश्वविद्यालय ने प्रवेश परीक्षा के लिए चंडीगढ़ के अलावा प्रदेश भर के विभिन्न जिलों के विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए जिला स्तर पर धर्मशाला, नूरपुर, पालमपुर, शिमला, बिलासपुर, चंबा, कुल्लू, मंडी, नाहन, सोलन, ऊना, पावंटा साहिब और नालागढ़ समेत कुल पंद्रह परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं।
प्रदेश के भीतर चल रहे सभी 43 तकनीकी महाविद्यालयों में दाखिले प्रवेश परीक्षा की मेरिट के आधार पर होंगे। एंट्रेंस एग्जाम के लिए 2 मार्च से ऑनलाइन आवेदन भरने की प्रक्रिया शुरू होगी, जो 29 अप्रैल तक जारी रहेगी।
यहां करें आवेदन, ये योग्यताएं होना अनिवार्य
इच्छुक विद्यार्थी विवि की वेबसाइट पर निर्धारित समयावधि के भीतर आवेदन कर सकते हैं। बीटेक के लिए आवेदनकर्ता की योग्यता 45 फीसदी अंकों के साथ विज्ञान संकाय में बारहवीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। बारहवीं की परीक्षा देने वाले विद्यार्थी भी प्रवेश परीक्षा के लिए पात्र होंगे, जबकि एमबीए की प्रवेश परीक्षा के लिए अभ्यर्थी का 50 फीसदी अंकों के साथ स्नातक पास होना अनिवार्य है।
एमसीए की प्रवेश परीक्षा के लिए तीन वर्षीय स्नातक के अलावा दस जमा दो कक्षा गणित विषय के साथ उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। एमटेक और एम-फार्मेसी के लिए प्रवेश परीक्षा भी 13 मई को होगी। दोनों स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा के लिए संबंधित विषय के साथ स्नातक की डिग्री अनिवार्य है। आरक्षित वर्गों के विद्यार्थियों के लिए अंकों में पांच फीसदी छूट प्रदान की जाएगी।
प्रवेश परीक्षा के लिए सामान्य वर्ग के लिए 1550 रुपये शुल्क, जबकि आरक्षित वर्ग के लिए 1400 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। उधर, हिप्र तकनीकी विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. वीपी पटियाल ने कहा कि 2 मार्च से 29 अप्रैल तक प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रवेश परीक्षा 13 और 14 मई को निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर होगी।