क्लर्क भर्ती की टंकण परीक्षा का परिणाम घोषित, 488 उम्मीदवार पास
प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने लिपिक भर्ती के लिए करवाई टंकण परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में क्लर्क के 156 पद भरे जाएंगे। आयोग ने पोस्ट कोड 692 में इन पदों के लिए नवंबर 2018 को लिखित परीक्षा करवाई थी।
छंटनी परीक्षा में मेरिट में रहने वाले 1660 उम्मीदवारों को टंकण परीक्षा के लिए बुलाया गया। आयोग ने 11 से 16 फरवरी के बीच स्किल टेस्ट करवाया। इमसें 1376 उम्मीदवारों ने भाग लिया। 284 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। कंप्यूटर पर ली गई स्किल परीक्षा में 708 उम्मीदवार पास हुए।
एक तिहाई अनुपात के नियम को लागू करते हुए आयोग ने 488 उम्मीदवारों को मूल्यांकन परीक्षा के लिए योग्य पाया है। आयोग के सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर ने बताया कि आयोग के कार्यालय में 10 से 16 जून के बीच पंद्रह अंकों की मूल्यांकन परीक्षा का संचालन किया जाएगा।
पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता में 13 और पद भरे
कर्मचारी चयन आयोग ने बुधवार को पोस्ट कोड 650 के तहत पुरुष बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता भर्ती परीक्षा का संशोधित परिणाम घोषित किया है। आयोग के सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर ने बताया कि सामान्य बीपीएल श्रेणी के 13 पदों को सामान्य श्रेणी के अनारक्षित वर्ग से भर दिया गया है।
आयोग ने स्वास्थ्य विभाग में 148 पदों को भरने के लिए परीक्षा का आयोजन किया थी। जिसमें केवल 67 अभ्यर्थी ही उत्तीर्ण हुए, जबकि 81 पद खाली रह गए थे। अब 13 अन्य पदों को भी भर दिया गया है।