HPSCB: बैंक सहायक प्रबंधक की छंटनी परीक्षा रद्द, रिफंड होगी फीस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश सहकारी बैंक में सहायक प्रबंधक के 28 पदों के लिए 17 सितंबर को होने वाली छंटनी परीक्षा रद्द कर दी गई है। एचपीयू का ह्यूमन रिसोर्स रिक्रूटमेंट सैल (एचआरआरसी) अब यह परीक्षा नहीं लेगा। विवि की ओर से जारी बयान में इस परीक्षा को रद्द करने का कारण प्रशासनिक वजह बताया गया।
इन पदों के लिए ऑनलाइन आए सभी आवेदनों की फीस रिफंड करेगा। विवि के कुलसचिव डा. पंकज ललित और एचआरआरसी के मुख्य समन्वयक प्रो. एसएस नारटा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सैल अब इस छंटनी परीक्षा को नहीं करवाएगा।
इस परीक्षा के लिए सैल ने विज्ञापन प्रकाशित करने के बाद प्रश्न पत्र सेटिंग और परीक्षा केंद्र स्थापित करने जैसी सभी तैयारियां कर दी थीं, मगर अब परीक्षा न करवाए जाने का फैसला लिए जाने के बाद यह तैयारियां धरी की धरी रह गई हैं। इन पदों के लिए आवेदन करने की तिथि 31 अगस्त तक थी, जिसे विवि ने अब रोक दिया है।
बैंक प्रबंधन एचपीयू से करवाना चाह रहा था छंटनी परीक्षा
सैल के मुख्य समन्वयक प्रो. एसएस नारटा ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने फीस जमा करवाई थी, उसे विवि आवेदकों के बैंक अकाउंट में स्थानांतरित कर देगा। इसकी सूचना आवेदकों के मोबाइल नंबर पर मैसेज कर दे दी जाएगी। उपरोक्त पदों के लिए सामान्य वर्ग के लिए आठ सौ रुपये और आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों से 600 रुपये फीस ली गई थी।
राज्य सहकारी बैंक प्रबंधन इन पदों के लिए एचपीयू से परीक्षा करवाना चाह रहा था। दोनों संस्थानों के बीच बाकायदा बैठकों के दौर हुए। एचपीयू के एचआरआरसी से जब परीक्षा करवाने की बात हुई तो बैंक प्रबंधन ने असाइनमेंट वापस ले लिया। इस पर एचपीयू को 17 सितंबर को तय की गई इस छंटनी परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लेना पड़ा।
विवि ने हालांकि पहले ही साफ कर दिया था कि विवि की भर्ती शाखा बैंक की इस परीक्षा को नहीं करवा सकती। चूंकि बाहरी संस्थाओं की छंटनी और भर्ती प्रक्रिया को पूरा करने के लिए एचपीयू का मानव संसाधन भर्ती प्रकोष्ठ अलग बनाया गया है, जो पहले भी इस तरह की परीक्षाएं करवाता रहा है।
2541 अभ्यर्थियों को वापस होगी फीस
एचआआरसी के मुख्य समन्वयक प्रो. एसएस नारटा ने बताया कि सहायक प्रबंधक के इन 28 पदों के लिए मंगलवार तक कुल 4777 ने ऑनलाइन पंजीकरण करवाया था। इनमें से 2541 ने ही फीस जमा करवाई थी। सैल सिर्फ इन 2541 अभ्यर्थियों को ही फीस रिफंड करेगा। परीक्षा रद्द करने के साथ ही आवेदन का पोर्टल बंद कर दिया गया है।