स्कूल शिक्षा बोर्डः अध्यापक पात्रता परीक्षा की आंसर-की जारी
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने टीजीटी आर्ट्स, मेडिकल, नॉन मेडिकल, पंजाबी और उर्दू अध्यापक पात्रता परीक्षा की आंसर-की जारी कर दी है। बोर्ड ने इन परीक्षाओं की सभी ए, बी, सी और डी सीरीज की अलग-अलग आंसर-की जारी की हैं।
बोर्ड की ओर से जारी आंसर-की से संबंधित किसी भी प्रकार की आपत्ति अभ्यर्थी बोर्ड में 19 सितंबर तक जमा करवा सकते हैं। अभ्यर्थी पेपर सेटिंग शाखा में 01892-225419, 222817 फैक्स कर सकते हैं।
इसके अलावा ईमेल आईडी- hpbosesopapersetting.43@gmail.com पर भी अपनी आपत्ति दर्ज करवाई जा सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद किसी भी प्रकार की मौखिक या लिखित आपत्ति पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
कला टेट के अभ्यर्थी जमा करवाएं प्रश्नपत्र पुस्तिकाएं और ओएमआर शीट
उधर, स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव डॉ. हरीश गज्जू ने बताया कि बोर्ड ने अध्यापक पात्रता परीक्षा की आंसर-की जारी कर दी है। स्कूल शिक्षा बोर्ड की कला अध्यापक पात्रता परीक्षा की सीरीज बी और डी की कई प्रश्नपत्र पुस्तिकाओं में गलतियां पाई गई हैं।
ऐसे अभ्यर्थी 24 सितंबर तक बोर्ड को अपनी प्रश्नपत्र पुस्तिकाएं और ओएमआर शीट भेज सकते हैं। इसमें गलतियों के आधार पर ही अभ्यर्थियों को राहत प्रदान की जाएगी।