शिक्षा बोर्ड: टीओसी, एसओएस से परीक्षा को ऐसे करवाएं पंजीकरण
इन बोर्डों में टीओसी, एसओएस से परीक्षा को ऐसे पंजीकरण करवा सकते हैं। एनआईओएस, सीबीएसई सहित अन्य स्कूल शिक्षा बोर्डों में जमा दो की वार्षिक परीक्षाओं में फेल परीक्षार्थी स्कूल शिक्षा बोर्ड के राज्य मुक्त विद्यालय के माध्यम से ट्रांसफर ऑफ क्रेडिट में परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके अलावा एसओएस से मैट्रिक और मिडल से परीक्षा देने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू किया गया है।
अभ्यर्थी 15 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क के साथ पंजीकरण करवा सकते हैं, जबकि 250 रुपये विलंब शुल्क के साथ 30 नवंबर और 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ एक से 31 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं। उधर, स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव डॉ. हरीश गज्जू ने बताया कि मार्च 2019 में संचालित की जाने वाली परीक्षा के ऑनलाइन पंजीकरण अध्ययनरत केंद्रों के माध्यम से करने की तिथियों में संशोधन किया है।
अब 30 तक जमा करवाएं फीस
एनआईओएस (राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान) से डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंटरी एजुकेशन) कोर्स कर रहे अप्रशिक्षित अध्यापकों को तीसरे और चौथे चरण की परीक्षा शुल्क जमा करवाने की तिथि को आगे बढ़ाया गया है।
अब परीक्षार्थी 30 अक्तूबर तक ऑनलाइन फीस जमा करवा सकते हैं। एनआइओएस क्षेत्रीय निदेशक संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि 506 और 507 विषयों की परीक्षा दिसंबर माह में होंगी।
इसके अलावा चौथे चरण के 508, 509/510 की परीक्षा फरवरी-मार्च 2019 में होंगी। निर्धारित समय के बाद जमा होने वाले कोई भी शुल्क मान्य नहीं होगा और ऑफलाइन शुल्क मान्य नहीं होगा।