नए सत्र से शुरू होंगी 3 नई गेम्स, नहीं होंगे प्रत्यक्ष एससीए चुनाव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अब योग, शूटिंग और स्वीमिंग में भी कॉलेज और यूनिवर्सिटी के छात्र अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। एचपीयू के नए शैक्षणिक सत्र के इंटर कॉलेज और इंटर यूनिवर्सिटी खेल एवं युवा महोत्सव कैलेंडर में तीन और खेलें शामिल की जाएंगी।
कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी ने मंगलवार को विवि खेलकूद एवं अन्य पाठ्येत्तर परिषद की बैठक में यह एलान किया। उन्होंने कहा कि राज्य में इन तीनों खेलों की प्रतिभाओं के आगे आने की संभावनाएं हैं।
इसलिए योग और निशानेबाजी जैसी इंडोर खेलों के साथ ही तैराकी में भी कॉलेज स्तर पर मुकाबले करवाए जा सकते हैं। बैठक में मौजूद प्रदेश भर के कॉलेजों से आए संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्य और शारीरिक व म्यूजिक शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, उन्हें मौका देने और निखारने के लिए उपयुक्त प्रशिक्षण देने की आवश्यकता है।
वीसी ने ऐसी प्रतिभाओं को निखारने के लिए कॉलेज स्तर पर उत्कृष्ट खेल प्रशिक्षण की सुविधा देने को केन्द्र स्थापित किए जाएंगे, जिसके लिए कॉलेज भी संभावनाएं तलाशें। कुलपति ने खिलाड़ी छात्रों को दिए जाने वाले दैनिक भत्ते की राशि को बढ़ाए जाने को भी हरी झंडी दी है।
इसे परिषद की बैठक में तय कर विवि प्रशासन को भेजा जाना है। इस दौरान विवि के प्रति कुलपति प्रो. राजिंद्र सिंह चौहान, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजीव महाजन, विवि निदेशक शारीरिक शिक्षा एवं युवा कार्यक्रम प्रो. सुरेंद्र कुमार शर्मा भी मौजूद रहे। परिषद के अध्यक्ष डा. अशोक अवस्थी ने सभी प्राचार्य और शारीरिक शिक्षकों का स्वागत किया और उपाध्यक्ष डा. राजकुमार जम्वाल ने धन्यवाद प्रस्ताव पढ़ा।
इस बार भी नहीं होंगे प्रत्यक्ष चुनाव
कुलपति ने कहा कि इस बार भी कॉलेजों और यूनिवर्सिटी में प्रत्यक्ष चुनाव नहीं होंगे। इस पर मौजूद प्राचार्यों ने तालियां बजाकर मूक समर्थन दिया। वहीं कुलपति ने कॉलेज प्राचार्यों को रूसा को सफलतापूर्वक लागू करने पर बधाई देते हुए कहा कि रिकार्ड 22 दिनों में छठे सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित करना बड़ी उपलब्धि है। हालांकि कॉलेज शिक्षकों और प्राचार्यों को रूसा में अभी भी व्याप्त खामियों और लटके परीक्षा परिणाम को घोषित करने जैसी आम छात्रों की समस्याओं पर सवाल करने का कोई मौका ही नहीं मिल पाया।
ऊना, धर्मशाला, पीजी सेंटर और आरकेएमवी को दी ट्राफी
शिमला। कुलपति ने खेलों में शैक्षणिक सत्र 2015-16 में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कॉलेजों को ट्राफी भेंट की। इन्हें नकद पुरस्कार भी दिए गए है। इनमें पुरुष वर्ग की ट्राफी डिग्री कॉलेज ऊना को, महिला वर्ग में राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला और पीजी सेंटर को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए ट्राफी दी गई है। वहीं पुरुषों की कबड्डी में बिलासपुर कॉलेज तथा महिलाओं की खोखो में आरकेएमवी शिमला को लगातार तीन वर्षों में विजेता रहने पर ट्राफी देकर पुरस्कृत किया।