SCA चुनाव का शेड्यूल जारी, इस बार भी मैरिट से चुने जाएंगे छात्रनेता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय और प्रदेश भर के कॉलेजों में प्रत्यक्ष छात्र संघ चुनाव की मांग कर रहे छात्र संगठनों को एक बार फिर विवि ने झटका दे दिया है। विवि प्रशासन ने शनिवार को एचपीयू और इससे मान्यता प्राप्त कॉलेजों में छात्र संघ चुनाव का शेड्यूल जारी कर दिया है।
प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार इस बार भी मैरिट आधार पर एससीए का चुनाव किया जाएगा। हाई पॉवर कमेटी की सिफारिशों के तहत विवि की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार प्रदेश के सभी कॉलेजों को 10 दिन के भीतर एससीए का गठन करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
एससीए गठन के बाद कॉलेजों को इसकी एक सूची प्रदेश विश्वविद्यालय को भेजनी होगी। एचपीयू ने चुनाव संबंधी अधिसूचना अपनी वेबसाइट पर भी अपलोड कर दी है। यदि कॉलेजों को चुनाव संबंधी कोई सवाल हो तो वे वेबसाइट से ये अधिसूचना डाउनलोड कर सकते हैं।
छात्र संगठनों की उम्मीदों को लगा झटका
छात्र संघ चुनाव की यह अधिसूचना 29 अगस्त से लागू मानी जाएगी। यानि 29 अगस्त से अगले दस दिनों के भीतर कॉलेजों को एससीए का गठन करना होगा। अप्रत्यक्ष चुनाव की घोषणा से कई छात्र संगठनों की उम्मीदों को भी झटका लगा है।
एसएफआई और एबीवीपी पिछले कई महीनों से लगातार चुनाव करवाने की मांग कर रहे थे। इनका कहना था कि प्रत्यक्ष चुनाव बहाल किए जाने चाहिए ताकि छात्रों को अपनी पसंद के अनुसार नेता चुनने का हक मिल सके।
वहीं, विवि प्रशासन चुनाव के चलते होने वाली छात्र हिंसा का हवाला देते हुए पहले भी प्रत्यक्ष चुनाव न करवाने की बात कह चुका है। ऐसे में अब अधिसूचना जारी कर एक बार फिर विवि ने अप्रत्यक्ष चुनाव करवाने की तैयारी कर ली है।