टीजीटी आर्ट्स के टेट की डी सीरीज में गलतियों की भरमार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टीजीटी आर्ट्स टेट के प्रश्नपत्र की डी सीरीज में गलतियों की भरमार रही। प्रदेश के दर्जनों अभ्यर्थियों को डी सीरीज के प्रश्नपत्र के अनुसार गलत प्रश्नों या रिपीट प्रश्नों के उत्तर देने पड़े। हमीरपुर जिले के डिडवीं टिक्कर, लंबलू सहित अन्य कई परीक्षा केंद्रों में ऐसे करीब आठ अभ्यर्थी सामने आए हैं।
इनके प्रश्न पत्र की डी सीरीज में गलतियों की भरमार रही। डिडवीं टिक्कर परीक्षा केंद्र में परीक्षा देने वाली सुषमा शर्मा (प्रश्नपत्र संख्या 845480) का कहना है कि उन्हें डी सीरीज का प्रश्न पत्र मिला। जब पेपर देने लगीं तो प्रश्नों में गलतियां पाई गईं। प्रश्नपत्र में 12 प्रश्न रिपीट, दो प्रश्न एक जैसे और दो प्रश्न गायब पाए गए।
कहा कि उन्हें डी सीरीज आई थी, लेकिन प्रश्न पत्र के मुख्य पृष्ठ पर सीरीज डी और बीच के कई पन्नों पर सी सीरीज लिखा था। ऐसे ही अन्य अभ्यर्थी रुचि और एक अन्य अभ्यर्थी ने कहा कि उनके प्रश्नपत्र से दो प्रश्न गायब और एक प्रश्न के दो ऑप्शन एक जैसे दिए गए थे। अभ्यर्थियों ने बोर्ड की कार्यप्रणाली पर रोष व्यक्त किया है।
टीजीटी आर्ट्स को 36707 ने किया था आवेदन
उन्होंने गलत प्रश्नों के नंबर देने और गलती करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उधर, प्रदेश शिक्षा बोर्ड के सचिव हरीश गज्जू का कहना है कि कुछ परीक्षा केंद्रों से इक्का दुक्का प्रश्न पत्रों में गलतियों की शिकायतें मिली हैं।
उन्होंने कहा कि प्रिंटिंग में गलती होने के कारण यह हुआ है। जहां से शिकायतें मिली हैं, वहां गलत प्रश्न पत्रों के स्थान पर अन्य प्रश्न पत्र उपलब्ध करवा दिए हैं। अगर किसी को फिर भी कोई आपत्ति है तो वह प्रमाण सहित बोर्ड में शिकायत कर सकता है।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शनिवार को सुबह के सत्र में टीजीटी आर्ट्स टेट (शिक्षक पात्रता परीक्षा) लिया। परीक्षा के लिए 36707 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। शाम के सत्र में बोर्ड ने मेडिकल टेट लिया। इसके लिए 6384 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।
शिक्षा बोर्ड रविवार को सुबह दस से साढ़े 12 बजे के सत्र में पंजाबी टेट लेगा। इसके लिए 463 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। सायंकालीन सत्र में दो से साढ़े चार बजे तक उर्दू की शिक्षक पात्रता परीक्षा होगी। इसके लिए 100 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।