पैट और लीट के लिए करें ऑनलाइन आवेदन, लिखित परीक्षा इस दिन
हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने पैट (पॉलिटेक्निक एंट्रेंस टेस्ट) और लीट (लेटरल एंट्री एंट्रेंस टेस्ट) के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। बोर्ड ने पैट और लीट के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 9 मई निर्धारित की है। दोनों कोर्स के लिए अभ्यर्थी ऑनलाइन ही आवेदन कर सकते हैं। प्रदेश के विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में लिखित परीक्षा के आधार पर दाखिला होगा।
ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थी फीस क्रेडिट, डेबिट कार्ड और इंटरनेट बैंकिंग और ऑफलाइन चालान के माध्यम से जमा करवा सकते है। पैट और लीट के आवेदन के लिए सामान्य वर्ग के लिए फीस 650 रुपये और ओबीसी, एससी व एसटी के लिए 400 रुपये फीस रखी गई है। तकनीकी शिक्षा बोर्ड 26 मई को पैट और लीट की लिखित परीक्षा आयोजित करेगा।
पैट की परीक्षा के लिए प्रदेश में 29 परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं। लीट के लिए प्रदेश में 9 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। प्रवेश परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड वेबसाइट से डाउनलोड करने होंगे।
इसके बाद दोनों परीक्षाओं का परिणाम आने के बाद ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से अभ्यर्थियों को कोर्स भरने होंगे। प्रवेश परीक्षा के माध्यम से बहुतकनीकी संस्थानों में 10 हजार से अधिक सीटें भरी जाएंगी।
अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए तकनीकी शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट देख सकते हैं। इस संबंध में प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड के सचिव सुनील वर्मा ने कहा कि पैट और लीट के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 9 मई तय की गई है। उन्होंने अभ्यर्थियों से आह्वान किया है कि वे फॉर्म भरते समय अपनी ई-मेल और मोबाइल नंबर अवश्य डालें।