पॉलीटेक्निक एंट्रेंस टेस्ट की तारीख जारी, करें ऑनलाइन आवेदन
हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने पैट (पॉलीटेक्निक एंट्रेंस टेस्ट) और लीट (लेटरल एंट्री एंट्रेंस टेस्ट)के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। बोर्ड ने पैट के लिए अंतिम तिथि एक मई और लीट के लिए सात मई निर्धारित की है।
दोनों कोर्स के लिए आवेदक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रदेश में 15 सरकारी और 17 निजी बहुतकनीकी संस्थान चल रहे हैं। अभ्यर्थी परीक्षा शुल्क को क्रेडिट, डेबिट कार्ड और इंटरनेट बैंकिंग और ऑफलाइन चालान के माध्यम से जमा करवा सकते हैं।
पैट और लीट के लिए जनरल तथा ओबीसी श्रेणी के लिए 650 रुपये, एससी और एसटी के लिए 400 रुपये फीस रखी गई है। तकनीकी शिक्षा बोर्ड 20 मई को पैट का संचालन करेगा। जबकि लीट के लिए 27 मई की तारीख तय की गई है।
10 हजार सींटे भरी जाएंगी
परीक्षाओं के लिए प्रदेश भर में 29 परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं। प्रवेश परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड वेबसाइट से डाउनलोड करने होंगे। उसके बाद दोनों परीक्षाओं का परिणाम आने के बाद ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को कोर्स भरने होंगे।
ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए चार राउंड होंगे। प्रवेश परीक्षा के माध्यम से 15 सरकारी और 17 निजी बहुतकनीकी संस्थानों में 10 हजार सींटे भरी जाएंगी। प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड के सचिव सुनील वर्मा ने पैट और लीट के लिए आवेदन मांगने की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि पैट के लिए एक मई और लीट के लिए सात मई अंतिम तारीख तय की गई है। उन्होंने आवेदकों से अपील की है कि फॉर्म भरते समय ईमेल और मोबाइल नंबर की जानकारी दें। बोर्ड की ओर से सभी सूचना मोबाइल पर मेसेज के माध्यम से उपलब्ध करवाई जाएगी।