लीट परीक्षा का समय दो घंटे का, प्रश्नपत्र में लिख दिया तीन घंटे
ब्वायज सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर में रविवार को 374 अभ्यर्थियों ने लेटरल एंट्री प्रवेश परीक्षा (लीट) दी। परीक्षा केंद्र के लिए 413 अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी हुआ था। इनमें से 39 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा का संचालन सुबह दस से 12 बजे तक किया गया।
लेकिन दो प्रश्न पत्र में समय 3 घंटे अंकित किया गया था। इस कारण अभ्यर्थी दुविधा में रहे। जानकारी के मुताबिक अभ्यर्थियों को जारी एडमिट कार्ड में परीक्षा का समय दो घंटे बताया गया था, लेकिन जब अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पहुंचे तो प्रश्र पत्र पर समय तीन घंटे लिखा था।
इस कारण अभ्यर्थियों को परेशानी हुई। जब अभ्यर्थियों ने संबंधित परीक्षा केंद्र के समन्वयक से इस बारे में पूछा तो परीक्षा केंद्र ने हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड से इस बारे में पता किया।
जहां से प्रश्न पत्र पर प्रिंटिंग मिसटेक होने का हवाला दिया गया। इस कारण परीक्षा के शुरू में अभ्यर्थियों को परेशानी हुई। अभ्यर्थियों का कुछ समय परीक्षा के समय के बारे में पूछने के लिए ही बर्बाद हो गया।
इस संबंध में स्कूल प्रिंसिपल मंजू ठाकुर का कहना है कि परीक्षा का समय दो घंटे का ही था। तकनीकी शिक्षा बोर्ड से पूछने पर पता चला है कि प्रश्न पत्र की प्रिंटिंग में गलती हुई है।