लोकनृत्य में हमीरपुर और एकल नृत्य में फाइन आर्ट कॉलेज शिमला विजेता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हमीरपुर में युवा समारोह समूह-3 का समापन रविवार को हुआ। प्रतियोगिता में 50 से अधिक महाविद्यालयों ने भाग लिया। लोकनृत्य स्पर्धा में राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर ने प्रथम, रामपुर, राजगढ़, आनी और सांध्यकालीन महाविद्यालय शिमला दूसरे स्थान पर रहे। नालागढ़, ढलियारा, करसोग, घुमारवीं, संगड़ाह, जोगिंद्रनगर और बिलासपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
एकल शास्त्रीय नृत्य स्पर्धा में शिमला के फाइन आर्ट कॉलेज शिमला ने पहला, आरकेएमवी शिमला और संजौली कॉलेज ने संयुक्त रूप से दूसरा और मंडी और हमीरपुर महाविद्यालय ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेता टीमों को स्मृति चिन्ह, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
इस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल सदस्यों डॉ. विनोद गंधर्व और गोविंद घोष ने बेहतरीन गजल गायकी से दर्शकों को रूबरू करवाया। राजकुमार राठौड़ और मोहन राठौड़ ने कलाकारों को नृत्य, भाषा व संस्कृति की बारीकियों से अवगत करवाया। दिनेश गुप्ता ने कथक व कृष्ण भजन पर मनमोहक प्रस्तुति दी।
इस दौरान प्राचार्य डॉ. अंजू बत्ता सहगल, पीटीए के मुख्य सलाहकार होशियार सिंह, अध्यक्ष राजगोपाल शर्मा, पूर्व प्राचार्य पीसी पटियाल, सेवानिवृत्त प्रो. जेके अग्निहोत्री, उप प्राचार्य प्रो. रीटा शर्मा, आयोजन सचिव डॉ. मधुर स्वर मिश्रा, प्रो. अमरजीत अत्री, डॉ. वाईएस पटियाल, डॉ. जगजीत सिंह पटियाल, प्रो. कुसुम शर्मा, प्रो. कल्पना चड्ढा, प्रो. बलजीत जंवाल और प्रो. सुदेश जंवाल सहित अन्य मौजूद रहे।
परिणाम में धांधली का आरोप, छात्रों ने किया हंगामा
राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में यूथ फेस्टिवल समूह-3 के आखिरी दिन परिणाम को लेकर खूब हंगामा हुआ। आरकेएमवी शिमला और संजौली कॉलेज के छात्रों ने अंतिम परिणाम में धांधली का आरोप लगाकर इसका कड़ा विरोध जताया है। छात्रों ने हमीरपुर कॉलेज की छात्रा के क्लासिक डांस व फोक डांस पर सवाल उठाए हैं। छात्रों का कहना है कि क्लासिक डांस में हमीरपुर की जिस लड़की को सम्मानित किया गया है, वह इसके काबिल नहीं थी।
फोक डांस में 10 मिनट से ज्यादा अगर कोई टीम लेती है तो वह सीधी डिश क्वालिफाई हो जाती है, लेकिन हमीरपुर का फोक डांस पूरे 11 मिनट पर खत्म हुआ और उसे ही आखिर में फर्स्ट प्राइज से सम्मानित कर दिया गया। छात्रों ने कॉलेज की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। कॉलेज प्रशासन ने भी माहौल तनावपूर्ण होता देख पुलिस को बुलाया लिया था, ताकि छात्र कैंपस में किसी तरह की तोड़-फोड़ न कर सकें।
छात्रों ने आरोप लगाया है कि उन्हें पीने तक का पानी बाहरी दुकानों से खरीदकर लाना पड़ा। प्राचार्य डॉ. अंजू बत्ता सहगल का कहना है कि निर्णायक मंडल का निर्णय सही है। निर्णायक मंडल के सभी सदस्य बाहरी थे। किसी प्रकार की कोई धांधली नहीं हुई है।