कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक विजेता अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर को पलकों पर बिठाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कॉमनवेल्थ गेम्स में वेटलिफ्टिंग में कांस्य पदक विजेता विकास ठाकुर को हमीरपुर पहुंचने पर लोगों ने पलकों पर बिठा लिया। विकास का जोरदार स्वागत किया गया।
कांस्य पदक जीतने के बाद विकास बुधवार को पहली बार हमीरपुर में अपने पैतृक गांव पटनौण में वीरवार को होने वाले पारिवारिक समारोह में भाग लेने पहुंचे हैं। हमीरपुर के परिधि गृह में पत्रकार वार्ता में विकास ने कामयाबी का श्रेय परिजनों सहित प्रशिक्षकों को दिया।
कहा कि उनका अगला लक्ष्य 19 अगस्त से 4 सितंबर तक जकार्ता में होने वाली एशियन गेम्स में बेहतर प्रदर्शन करना है। इसके बाद ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने का उनका सपना है। वह इसके लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
विकास ने कहा कि अगर हरियाणा और छत्तीसगढ़ की तर्ज पर हिमाचल में खिलाड़ियों को उचित सम्मान व सरकारी नौकरियों में स्थान मिले तो सूबे के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि जवानी एक नशा है, जिसका नशे के बजाय खेलों में प्रयोग होना चाहिए।
पिता बोले-खिलौने की जगह थमाए थे लोहे के डंबल
बेटे की उपलब्धियों से गदगद पिता बृज लाल ठाकुर का काफी भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि बचपन में उन्होंने अपने बेटे को खिलौनों की जगह भारी भरकम लोहे के डंबल पकड़वाए थे। इसका परिवार व रिश्तेदारों ने काफी विरोध किया था।
लोगों के विरोध का सहन करते हुए उन्होंने बेटे को जिम भेजा और वेटलिफ्टिंग के लिए प्रोत्साहित किया, जिसकी बदौलत आज वह देश व प्रदेश का नाम रोशन कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहाड़ के लोग खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं।
इसके लिए सरकार को खेल नीति में बदलाव करना होगा। चूंकि हिमाचल का हवा-पानी व वातावरण अन्य राज्यों के मुकाबले काफी अच्छा है। हमीरपुर पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार मित्रदेव मोहटल और युवा खेल सेवाएं विभाग के अधिकारियों ने विकास ठाकुर का जोरदार स्वागत किया।
इससे पहले विधायक नरेंद्र ठाकुर, भाजपा सह मीडिया प्रभारी नरेंद्र अत्री, युवा मोर्चा के अध्यक्ष अभयवीर, सचिव अजय शर्मा, मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा सहित विभिन्न खिलाड़ियों ने विकास ठाकुर का जोरदार स्वागत किया।