छुट्टियों में घर नहीं बैठेंगे मेडिकल की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी
राज्य के सरकारी स्कूलों में जमा एक और जमा दो में मेडिकल के विद्यार्थी अब छुट्टियों के दौरान घर में फ्री नहीं बैठेंगे। जुलाई माह में स्कूलों में होने वाली छुट्टियों के बीच मेडिकल के विद्यार्थियों को नीट, एआईईई, जेईई सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग दी जाएगी।
इसमें प्रतियोगी परीक्षा में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी से संबंधित पढ़ाई करवाई जाएगी। साथ ही प्रतियोगी परीक्षा में आने वाले प्रश्न सहित परीक्षाओं की तैयारी और इसके फॉर्म भरने तक की जानकारी दी जाएगी। प्रदेश सरकार पंचकूला एजुकेशनल सोसाइटी के माध्यम से बच्चों को कोचिंग देगी।
इसके लिए संबंधित स्कूल के मुखिया बच्चों के आवेदन कर सकते हैं। कोचिंग के संबंध में प्रदेश सरकार शिक्षा सचिव डॉ अरुण शर्मा ने अधिसूचना जारी कर दी है। इसमें उच्च शिक्षा निदेशक को जिन भी स्कूलों में मेडिकल की कक्षाएं चल रही हैं। वहां से संबंधित स्कूल मुखिया के माध्यम से मेधावी बच्चों के नाम भेजने के आदेश जारी किए हैं।
जून 15 तक कर सकते हैं आवेदन
चकूला एजूकेशन सोसाइटी के चेयरमैन डॉ ओपी सिंह ने बताया कि कोचिंग के लिए प्रदेश से लगभग 50 बच्चों का चयन किया जाएगा। चयन दसवीं और जमा दो में अर्जित अंकों के आधार पर होगा।
कोर्स 30 जून से 30 जुलाई तक चलेगा। इसके लिए 15 जून तक आवेदन किया जा सकता है। स्कूली बच्चों के अभिभावक, अध्यापक या बच्चे स्वयं भी डॉ ओपी सिंह के व्हाट्सएप नंबर 9815219741 पर संपर्क कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को रहने और खाने की व्यवस्था स्वयं करनी होगी।