सीबीएसई में सवाल हल करने के हर कदम पर मिलेंगे अंक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीबीएसई की परीक्षाओं में इस बार से हर सवाल को हल करने के हर कदम पर अंक मिलेंगे। बोर्ड ने 10वीं में 2019 की बोर्ड परीक्षाओं से स्टेप-बाई-स्टेप मार्किंग प्रणाली लागू कर दी है। इसके तहत पूरा सवाल गलत होने पर अब शून्य नहीं मिलेगा। सीबीएसई ने स्टेप-बाई-स्टेप अंक भी जारी किए हैं। इससे छात्रों को पता चल सकेगा कि हर सवाल में कितने स्टेप हैं और उनके कितने अंक निर्धारित किए गए हैं।
बोर्ड ने पेपर को हल करके बताया है कि हर स्टेप के कितने अंक मिलेंगे। अभी तक यह जानकारी सिर्फ एग्जामिनर को होती थी लेकिन इसे छात्रों के साथ भी साझा किया जा रहा है। 10वीं में पिछले वर्ष से ही होम एग्जाम का विकल्प खत्म हो चुका है और छात्रों को बोर्ड परीक्षा ही देनी होगी। 10वीं की परीक्षा में 20 अंक का प्रैक्टिकल और 80 अंक की थ्योरी होगी।
सवाल छोड़ने की आदत होगी खत्म, बढ़ेंगे अंक
सीबीएसई के इस नियम से छात्रों के सवाल को छोड़ने की आदत खत्म होगी। वह सवाल को जिस स्टेप तक हल कर देंगे, उसी स्टेप के उन्हें अंक दिए जाएंगे। सीबएसई के क्षेत्रीय अधिकारी रणबीर सिंह ने बताया कि छात्र कोई भी सवाल नहीं छोड़ेंगे।
इस मार्किंग सिस्टम को छात्र अच्छे से समझकर तैयारी करें तो फेल नहीं होंगे। इसमें उत्तर हल करने के लिए हर स्टेप में नंबर होते हैं। खासकर गणित, साइंस जैसे विषयों में फार्मूले और थ्योरी में यूनिट, प्वाइंट पर अलग-अलग नंबर दिए जाते हैं।
22 नवंबर तक पंजीकरण पर कोई विलंब शुल्क नहीं
सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं के पंजीकरण के लिए 22 नवंबर तक कोई विलंब शुल्क नहीं देना होगा। सीबीएसई ने यह भी स्पष्ट किया कि छात्रों को पंजीकरण के समय आधार नंबर देना जरूरी नहीं है। बोर्ड ने 10वीं और 12वीं के छात्रों को बोर्ड के हिसाब से फीस तय की है। 10वीं के छात्रों को पांच विषयों के शुल्क के रूप में 750 रुपये देने होंगे।
यदि एक विषय अतिरिक्त लेते हैं तो 150 रुपये और देने होंगे। 23 से 30 नवंबर के बीच नामांकन करने पर प्रति छात्र 1,000 रुपये जमा करने होंगे। एक दिसंबर से सात दिसंबर के बीच नामांकन करने पर 2,000 रुपये प्रति छात्र तथा आठ दिसंबर से 14 दिसंबर के बीच जमा करने पर पांच हजार प्रति छात्र देने होंगे।