विद्यार्थियों को बड़ी राहत, स्कूल शिक्षा बोर्ड ने कम किया परीक्षा शुल्क
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार को घाटा झेलकर हजारों परीक्षार्थियों के हित में निर्णय लिया। कुछ परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों की संख्या कम होने की स्थिति में बढ़ाया गया शुल्क शिक्षा बोर्ड ने कम करने का निर्णय लिया। शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा शुल्क 300 से घटाकर 150 रुपये कर दिया है। इसके अलावा बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों को लेकर एक और बड़ा निर्णय लिया है। पहले की व्यवस्था के अनुसार नया परीक्षा केंद्र बनाने के लिए परीक्षार्थियों की संख्या 70 होना अनिवार्य थी।
अब बोर्ड ने नया परीक्षा केंद्र बनाने के लिए परीक्षार्थियों की संख्या 70 से घटाकर 60 करने का निर्णय लिया है। शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने कहा कि दसवीं और जमा दो की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों और अभिभावक एवं अध्यापकों ने परीक्षा केंद्र के लिए निर्धारित परीक्षार्थियों की संख्या कम होने की स्थिति में निर्धारित शुल्क को कम करने का आग्रह किया था।
शिक्षा बोर्ड उठाएगा घाटा
परीक्षा केंद्र में परीक्षा करवाने का सारा खर्चा शिक्षा बोर्ड उठाता है। सुपरिंटेंडेंट, डिप्टी सुपरिंटेंडेंट और पर्यवेक्षक की ड्यूटी का खर्चा भी बोर्ड देता है। इसलिए, यह खर्चा बोर्ड परीक्षा केंद्र में परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों से वसूलता है। वर्तमान में एक परीक्षा केंद्र में 70 परीक्षार्थी होना अनिवार्य किया गया है। जिस परीक्षा केंद्र में कम परीक्षार्थी हों तो उनका शुल्क ज्यादा लगाना पड़ता है ताकि बोर्ड को घाटा न हो। जिन परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थी कम थे, उनको शुल्क ज्यादा देना पड़ रहा था। वे बोर्ड से शुल्क घटाने की मांग कर रहे थे जिसे मान लिया गया।
10वीं, 12वीं के परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड जारी
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं और 12वीं कक्षा के परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड सभी स्कूलों की यूजर आईडी पर बोर्ड ने अपलोड किए हैं। शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश सोनी ने कहा कि 10वीं और 12वीं कक्षा के परीक्षार्थी अपने स्कूल की यूजर लॉगइन आईडी से एडमिट कार्ड (रोल नंबर) डाउनलोड कर सकते हैं।
10वीं कक्षा के परीक्षार्थी फोन नंबर 01892-242149 (कांगड़ा), 242148 (बिलासपुर, चंबा और हमीरपुर), 242151 (मंडी), 242119 (किन्नौर, लाहौल-स्पीति और सिरमौर) और 242128 (कुल्लू, सोलन और ऊना) पर अपनी दुविधा दूर कर सकते हैं। 12वीं कक्षा के परीक्षार्थी फोन नंबर 01892-242139 (मंडी और लाहौल-स्पीति), 242140 (कांगड़ा), 242141(किन्नौर, हमीरपुर व शिमला), 242142 (चंबा, बिलासपुर, कुल्लू), 242150 (ऊना, सोलन और सिरमौर) पर कार्य दिवस में सुबह 10 से शाम के 5 बजे तक जानकारी ले सकते हैं।