सरकारी संस्थानों के लिए इस दिन से होगी बीएड काउंसलिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश स्कूल विश्वविद्यालय सरकारी संस्थानों में बीएड काउंसलिंग करवाने जा रहा है। बीएड में प्रवेश के लिए सरकार से आरक्षण रोस्टर मिलने के बाद एचपीयू ने सरकारी संस्थानों में 3 से 6 अक्तूबर तक काउंसलिंग करवाने का निर्णय लिया है।
बीएड एडमिशन एंड काउंसलिंग कमेटी विवि परिसर और धर्मशाला में चल रहे शिक्षा विभाग के संस्थान के लिए ऑफलाइन काउंसलिंग करवाएगी। मेरिट आधार पर बुलाए जाने वाले अभ्यर्थियों के लिए कमेटी जल्द शेडयूल जारी करेगी। इसे विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया जाएगा।
एचपीयू इस बार ऑनलाइन काउंसलिंग करवाने के अपने निर्णय पर बैकफुट पर आ गया है। अब बीएड काउंसलिंग ऑफलाइन ही होगी। निजी बीड कॉलेजों में नया बैच बैठाने को न्यायालय और एनसीटीई से अभी कोई फैसला न आने के चलते इनके लिए काउंसलिंग को लेकर कमेटी ने अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है।
बीएड काउंसलिंग कमेटी ने 24 सितंबर को विशेष बैठक बुलाई है। इसमें निजी बीएड कॉलेजों के प्रतिनिधि भी बुलाए गए हैं। इसी दिन निजी कॉलेजों के लिए काउंसलिंग शुरू करने पर कोई फैसला लिया जा सकता है।
साढ़े 11 हजार अभ्यर्थी कर रहे इंतजार
एचपीयू और शिक्षा विभाग के दो सरकारी संस्थानों सहित विवि से संबद्ध 73 बीएड कॉलेजों के लिए हुई प्रवेश परीक्षा में साढ़े 11 हजार से अधिक अभ्यर्थी बैठे थे। ये अभ्यर्थी काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने का दो माह से इंतजार कर रहे हैं।
एचपीयू की बीएड काउंसलिंग एंड प्रवेश कमेटी के समन्वयक नैन सिंह ने कहा कि इस बार काउंसलिंग ऑफलाइन होगी। धर्मशाला और एचपीयू के अपने संस्थानों की क्रमश: 250 और 100 सीटों की काउंसलिंग 3 से 6 अक्तूबर तक करने का निर्णय लिया गया है।
निजी कॉलेजों में प्रवेश को काउंसलिंग पर अभी कोई फैसला नहीं हो सका है। 24 सितंबर को कमेटी की बैठक होगी। इसमें निजी कॉलेजों के प्रतिनिधि बुलाए गए हैं।