इस बार सेमेस्टर सिस्टम में होंगी बीएड की परीक्षाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एचपीयू शिक्षा विभाग के अपने बीएड डिग्री कोर्स संस्थानों के साथ ही प्रदेश विवि से संबद्ध निजी बीएड कॉलेजों में इस बार सेमेस्टर सिस्टम में परीक्षाएं करवाई जाएंगी। 26 जनवरी की कार्यकारी परिषद की बैठक में एक ही सिस्टम में परीक्षाएं करवाने के लिए फैसले को लागू करने के लिए ऐसा करना जरूरी भी होगा।
पिछले सत्र में बीएड कोर्स दो साल का होने और प्रवेश प्रक्रिया प्रदेश सरकार के आदेशों पर लंबी चलने के कारण विवि को ईयर और सेमेस्टर दोनों सिस्टम में परीक्षाएं करवानी पड़ी थी। इस बार विवि ऐसा कुछ करने के मूड में नहीं है। निजी बीएड कॉलेज हालांकि फिर से पिछले साल की ही व्यवस्था चाहते हैं, मगर एचपीयू ऐसा शायद ही करे। चूंकि इससे एक ही डिग्री कोर्स की दो अलग-अलग तरीके सेमेस्टर और ईयर सिस्टम में परीक्षाएं करवाना, इंटरनल असेसमेंट और
हर तरह की परीक्षाओं की व्यवस्था करने की प्रक्रिया जटिल होती है। ऐसे में विवि नहीं चाहेगा कि इस बार भी ईयर सिस्टम में ही बीएड की परीक्षाएं हों। बीएड की सेमेस्टर परीक्षाओं को दिसंबर माह के अंत में करवाने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। सरकारी संस्थानों में सेमेस्टर परीक्षाओं का कोई खास असर नहीं होगा, चूंकि इन संस्थानों और प्रदेश के अधिकतर निजी बीएड कॉलेजों में भी तय शेडयूल के मुताबिक नए बैच की कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं।
बिना प्रवेश परीक्षा वालों को दाखिला देने की अनुमति से हो सकती है मुश्किल
मुश्किल सिर्फ उन बीएड कॉलेजों में होगी, जहां पर प्रदेश सरकार के 27 सितंबर को विवि को मिले पत्र के मुताबिक स्नातक सभी पात्र छात्रों को प्रवेश देने की अनुमति दे दी गई है। इसमें प्रवेश परीक्षा की शर्त को एक बार फिर प्रदेश सरकार ने 2016-17 के लिए जारी रखने के आदेश जारी किए थे।
हालांकि अभी तक यह भी स्थिति साफ नहीं है कि प्रवेश परीक्षा की शर्त को हटाकर कितने कॉलेजों में कितने नए छात्रों को बीएड कोर्स में प्रवेश दिया गया है। इनकी कन्फर्मेशन होने पर ही विवि का फैसला बदल कर दोनों सिस्टम से बीएड की परीक्षाएं करवाना निर्भर करेगा। सेमेस्टर परीक्षाएं हुई तब ही विवि की बीएड परीक्षाओं में एकरूपता आएगी, और विवि बीएड के परीक्षा परिणाम भी समय से घोषित कर पाएगा।
यदि ईयर सिस्टम में परीक्षाएं न हुई तो, प्रवेश की शर्त में छूट के बाद प्रवेश लेने वाले छात्रों को अगले बीएड बैच के साथ ही पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं रूटीन में देनी होंगी। विवि के शिक्षा विभाग की चेयरमैन प्रो. सुदर्शना राणा का कहना है कि फिलहाल सेमेस्टर की ही परीक्षाएं होनी हैं। कुलपति और परीक्षा नियंत्रक ही इस पर कोई फैसला ले सकते हैं।