{"_id":"597b438a4f1c1b313d8b498a","slug":"b-ed-counselling-in-hpu-shimla","type":"story","status":"publish","title_hn":"कम हुआ बीएड का क्रेज, पहले दिन 987 में से पहुंचे सिर्फ 540 छात्र","category":{"title":"Campus","title_hn":"कैंपस ","slug":"campus"}}
कम हुआ बीएड का क्रेज, पहले दिन 987 में से पहुंचे सिर्फ 540 छात्र
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
Updated Sat, 29 Jul 2017 12:57 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एचपीयू के सभागार में शुक्रवार से बीएड के दो वर्षीय डिग्री कोर्स के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन मेडिकल की एचपीयू के शिक्षा विभाग की 30 और धर्मशाला स्थित शिक्षा विभाग के बीएड संस्थान की 50 सीटों के अलावा निजी बीएड कॉलेजों की मेडिकल विषय की सीटों के लिए कुल 987 उम्मीदवारों को बुलाया गया था।
विज्ञापन
इनमें से पहले दिन महज 540 छात्र ही एचपीयू पहुंचे, जबकि 447 छात्र काउंसलिंग में अपीयर नहीं हुए। ये सभी वे उम्मीदवार थे, जिनके बीएड की प्रवेश परीक्षा में 82 से अधिक अंक थे। काउंसलिंग में छात्रों की अनुपस्थिति से अंदाजा लगाया जा सकता है कि युवाओं का बीएड की तरफ रुझान कम हो रहा है।
विज्ञापन
काउसलिंग कमेटी के अध्यक्ष डीन सीडीसी प्रो. सेवा सिंह चौहान और समन्वयक प्रो. नयन सिंह ने बताया कि बीएड मेडिकल की कुल 1895 सीटों के लिए 2127 छात्र प्रवेश परीक्षा के आधार पर पात्र पाए गए हैं। पहले दिन मेडिकल के 82 या इससे अधिक प्राप्तांक वाले छात्रों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था।
विज्ञापन
दोपहर दो बजे से पहले ही एचपीयू के शिक्षा विभाग और धर्मशाला स्थित शिक्षा विभाग के संस्थान की सीटों का आवंटन कर दिया गया था। निजी कॉलेजों को मिलाकर साढ़े पांच बजे तक करीब साढ़े पांच सौ छात्र छात्राओं की काउंसलिंग कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि काउंसलिंग की प्रक्रिया देर शाम करीब साढ़े सात बजे के बाद तक जारी रही।
काउंसलिंग की इस प्रक्रिया में विवि ने प्रवेश परीक्षा सेल के साथ बीएड और अन्य विभागों से करीब 25 कर्मियों को तैनात किया है। नयन सिंह ने बताया कि काउंसलिंग कमेटी में एचपीयू शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रो. रचना भान, प्रवेश परीक्षा सेल के सेक्शन आफिसर आरके शर्मा आदि भी मौके पर मौजूद रहे। नयन सिंह ने कहा कि अगले दो दिन भी मेडिकल की सीटों के लिए काउंसलिंग होगी।
विवि के परीक्षा नियंत्रक ने लिया काउंसलिंग का जायजा
विवि के परीक्षा नियंत्रक डा. जेएस नेगी ने बतौर परीक्षा नियंत्रक और बीएड काउंसलिंग कमेटी के सदस्य होने के नाते सुबह करीब बारह बजे सभागार में पहुंच कर काउंसलिंग प्रक्रिया का जायजा लिया, और कर्मियों को कुछ आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
सूची से बाहर हुए सात कॉलेजों में बीएड को हरी झंडी
एचपीयू से संबद्ध और एनसीटीई की वेबसाइट पर मान्यता सूची से बाहर हुए नौ में से सात कॉलेज सभी शर्तें पूरी दोबारा से सूची में शामिल हो गए हैं। विवि की ओर से काउंसलिंग वाले कॉलेजों की सूची से बाहर किए इन कॉलेजों को शुक्रवार से शुरू हुई एचपीयू की बीएड काउंसलिंग सूची में शामिल कर लिया है।
एचपीयू ने सूची से बाहर हुए नौ कॉलेजों को नोटिस दिए थे, इनमें से सात ही अभी सूची में शामिल हो सके हैं। विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने दोबारा सूचीबद्ध हुए इन कॉलेजों की छानबीन करने के बाद काउंसलिंग कमेटी को इन कॉलेजों के लिए भी काउंसलिंग करवाने के आदेश जारी कर दिए हैं।
बीएड काउंसलिंग कमेटी के समन्यक प्रो. नयन सिंह ने बताया कि अब कमेटी इन सात कॉलेजों की सीटें भरने के लिए भी काउंसलिंग और आवंटन की प्रक्रिया पूरी करेगी। विवि के कुलसचिव डा. पंकज ललित ने माना कि सात कॉलेज दोबारा से सूची में शामिल हो गए हैं, इसलिए उन्होंने इनकी काउंसलिंग करवाने का फैसला लिया है।
उन्होंने नोटिस देने के साथ ही कॉलेज प्रबंधकों को समय रहते एनसीटीई की शर्तें पूरी करने और खामियों को दूर कर दोबारा से एनसीटीई की सूची में अपना नाम शामिल करने को लेकर नोटिस जारी किए थे। उन्होंने कहा कि अन्य दो कॉलेज भी यदि सूचीबद्ध होते हैं, तो उनके लिए भी एचपीयू काउंसलिंग करवाएगा।
ये कॉलेज हुए सूची में शामिल
सूची में आए कॉलेजों में अवस्थी मेमोरियल कॉलेज ऑफ एजूकेशन धर्मशाला, दून इंटरनेशनल पांवटा साहिब, लक्ष्य इंस्टीट्यूट अर्की, नोबल कॉलेज ऑफ एजूकेशन पंडोह, एसवीएन तरक्वाड़ी, तृषा हमीरपुर, शांति निकेतन हमीरपुर कॉलेज शामिल हैं।