छात्रवृत्ति के लिए वेबसाइट पर करें ऑनलाइन आवेदन
राज्य और केंद्र सरकार प्रायोजित छात्रवृत्ति योजना 2018-19 के लिए विभिन्न छात्रवृत्तियों के लिए चार अक्तूबर से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होगा। पात्र विद्यार्थी चार अक्तूबर से 31 दिसंबर तक ई पास वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। शिक्षा विभाग ने बीते दिनों हिमाचल में सामने आए 150 करोड़ के छात्रवृत्ति घोटाले के बाद ऑनलाइन आवेदनों की उपनिदेशक कार्यालयों में सूचना देना अनिवार्य कर दिया है।
उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि नवीं कक्षा व इससे आगे की कक्षाओं में पढ़ने वाले पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन 4 अक्तूबर से 31 दिसंबर तक किए जा सकते हैं। चार अक्तूबर से शिक्षा विभाग का एचपी ई-पास आवेदन के लिए खुल रहा है जबकि प्रिंट आउट 31 दिसंबर तक ही निकाले जा सकते हैं। आवेदनकर्ताओं के लिए आधार से लिंक खाता संख्या अनिवार्य है और संपूर्ण जानकारी पूरी तरह से स्पष्ट होनी चाहिए नहीं तो फार्म रिजेक्ट हो जाएंगे।
यह योजनाएं शामिल
छात्रवृत्ति योजनाओं में डॉ. अंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना, स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट, टीएस उत्कृष्ट छात्रवृत्ति योजना, महर्षि बाल्मिकी, इंदिरा गांधी उत्कृष्ट छात्रवृत्ति योजनाओं के अलावा आईआरडीपी राष्ट्रीय इंडियन मिल्ट्री, कॉलेज छात्रवृत्ति, कल्पना चावला मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना, पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप (एससी, एसएटी, ओबीसी प्री मैट्रिक, डॉ. अंबेदकर पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप) योजनाएं शामिल हैं। सरकारी, अर्ध-सरकारी, निजी सरकारी मान्यता प्राप्त स्कूलों के छात्र इसमें आवेदन कर सकते हैं।
अपना मोबाइल और बैंक खाता नंबर लिखें- उच्च शिक्षा निदेशालय ने छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों से आवेदनों में अपने ही मोबाइल नंबर और बैंक खाता नंबर लिखने को कहा है। निदेशक ने बताया है कि एक छात्र-छात्रा के लिए केवल एक ही बैंक खाता संख्या स्वीकार होगा। उन्होंने सभी पंजीकृत व अपंजीकृत संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि सबसे पहले अपने-अपने प्रोफाइल को एचपी ई पास पोर्टल पर अपडेट करें। ऐसा नहीं करने पर पोर्टल से संबंधित सभी सेवाएं निष्क्रिय रहेंगी।