एचपीयू के इक्डोल से इन कोर्सों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू
एचपीयू के अंतरराष्ट्रीय दूरवर्ती शिक्षा एवं मुक्त अध्ययन केंद्र (इक्डोल) ने विभिन्न कोर्स में नए बैच के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। शैक्षणिक सत्र 2019-20 के लिए यूजी डिग्री कोर्स में बीए, बीकॉम, बीसीए, बीएड प्रथम वर्ष, जबकि पीजी कोर्स में एमबीए, एमसीए, एमएससी गणित, एमए संगीत, एमए हिंदी, एमए अंग्रेजी, संस्कृत, अर्थशास्त्र, एमए लोक प्रशासन, एमए समाज शास्त्र, एमए इतिहास, राजनीति शास्त्र, एमकॉम, एमए एजूकेशन प्रथम वर्ष में प्रवेश दिया जाएगा। डिप्लोमा कोर्स में पीजीडीसीए, पीजीडीपीएम, प्रथम सेमेस्टर के अलावा एमए प्रथम वर्ष के लिए भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई है।
निदेशक प्रो. कुलवंत पठानिया ने बताया कि सोमवार से ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया को विवि का पोर्टल खोला गया है। इसके माध्यम से छात्र अपना लॉगइन आईडी बनाकर ऑनलाइन प्रवेश फॉर्म भर सकेंगे। प्रवेश फॉर्म के साथ हर कोर्स से संबंधित आवश्यक पात्रता शर्तों और फीस सहित हर तरह की कोर्स से संबंधित जानकारी के लिए प्रोस्पेक्टस भी उपलब्ध रहेगा। प्रोस्पेक्टस और ऑनलाइन प्रवेश फॉर्म विवि की मुख्य वेबसाइट के माध्यम से दिए गए लिंक पर उपलब्ध करवाया जा रहा है। इक्डोल की वेबसाइट से भी एडमिशन पोर्टल को लिंक दिया गया है।
इन वेबसाइट, पोर्टल के माध्यम से भरे जाएंगे फॉर्म
छात्र-छात्राओं की परीक्षा, पीसीपी पर्सनल कांटेक्ट प्रोग्राम सहित आवश्यक गतिविधियां यूजीसी डैब के दिशा-निर्देशों के मुताबिक ही करवाई जाएगी। पहले की तरह अन्य राज्य में कोई स्टडी सेंटर स्थापित नहीं किया जा रहा है। विवि और इक्डोल की वेबसाइट के माध्यम से दिए एडमिशन पोर्टल के माध्यम से कोर्स में प्रवेश के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी की जानी है। विवि की मुख्य वेबसाइट www.hpuniv.ac.in और इक्डोल की वेबसाइट www.icdeolhpu.org, एडमिशन पोर्टल admissions.hpushimla.in पर लिंक दिया गया है।
अलग से हो सकती है सेमेस्टर व वार्षिक परीक्षाएं
यूजीसी इक्डोल से मान्यता मिलने के बाद अब विवि प्रशासन किसी भी तरह की चूक नहीं करना चाहता है। इक्डोल निदेशक ने मीडिया को जारी बयान में साफ किया है कि इक्डोल से चलाए जाने वाले कोर्स की वार्षिक और सेमेस्टर परीक्षाएं यूजीसी की ओर से दूरवर्ती शिक्षा मोड से शिक्षा सुविधा देने वाले संस्थानों के लिए नियंत्रण को बनाए डिस्टेंस एजूकेशन ब्यूरो की शर्तों के मुताबिक करवाई जाएंगी।