गोल्डन चांस में पास दसवीं के छात्रों को जमा दो में नहीं मिल रहा दाखिला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एसओएस के तहत दसवीं की कंपार्टमेंट परीक्षा में पास विद्यार्थियों को जमा दो में प्रवेश नहीं मिल रहा है। स्कूल शिक्षा बोर्ड ने हाल ही में एसओएस की दसवीं की कंपार्टमेंट परीक्षा का परिणाम घोषित किया है। शिक्षा बोर्ड के नियमों में प्रावधान न होने से उन्हें दाखिला नहीं मिल रहा है।
नियमों का हवाला देकर स्कूल उन्हें जमा एक में प्रवेश ही दे रहे हैं। शिमला के कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लक्कड़ बाजार, पोर्टमोर, लालपानी, छोटा शिमला सहित सरकारी स्कूलों में रोजाना ऐसे छात्र प्रवेश को आ रहे हैं, मगर स्कूल उन्हें प्रवेश नहीं दे रहे हैं।
शिक्षा विभाग और स्कूल शिक्षा बोर्ड ने दसवीं के परीक्षार्थियों को एसओएस में परीक्षा पास करने को गोल्डन चांस जरूर दिया, मगर इसमें पास होने के बावजूद उनके दो साल बर्बाद हो रहे हैं। उनकी दसवीं कक्षा उत्तीर्ण नहीं हुई थी, इसलिए उन्हें जमा एक में प्रोविजनल प्रवेश दिया गया था।
उन्होंने परीक्षाएं दी थीं। मार्च से पहले जमा एक का परिणाम घोषित हुआ, मगर इनका दसवीं का परिणाम न आने से परिणाम घोषित नहीं किया गया। अब एसओएस में हजारों छात्र छात्राएं कंपार्टमेंट परीक्षा में पास हो गए हैं, मगर उन्हें जमा दो में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
प्रधानाचार्य तर्क दे रहे हैं चूंकि दसवीं का परिणाम जुलाई में घोषित हुआ है तो जमा एक के मार्च में घोषित हुए नतीजों के कारण उन्हें जमा दो के लिए पात्र नहीं माना जा सकता।
छात्र कर रहे जमा दो में प्रवेश दिए जाने की मांग
गोल्डन चांस में दसवीं की परीक्षा पास करने वाले ऐसे छात्र और उनके अभिभावक शिक्षा विभाग और बोर्ड प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि उन्हें जमा दो में प्रवेश के लिए पात्र घोषित किया जाए।
उनका जमा एक का परिणाम घोषित कर जमा दो में प्रवेश दिया जाए। ऐसा न हुआ तो दसवीं की कंपार्टमेंट की परीक्षा पास करने के बावजूद उनके दो साल बर्बाद हो जाएंगे।
लक्कड़ बाजार गर्ल्स स्कूल के भूपिंद्र सिंह और पोर्टमोर गर्ल्स स्कूल के प्रधानाचार्य नरेंद्र सूद का कहना है कि छात्र-छात्राओं को जमा एक में 15 जुलाई तक प्रवेश दिया जा रहा है। नियमों में इन छात्रों को प्रवेश देने को प्रावधान नहीं है।