राम मंदिर : मंदिर निर्माण के लिए प्रयागराज से ही शुरू हुई थी सवा रुपये संग्रह की मुहिम
सवा रुपये लिए जाने के अशोक सिंहल के इस आह्वान का समूचे देश पर असर पड़ा। इसके बाद सवा-सवा रुपये भेंट स्वरूप लेने के लिए विहिप कार्यकर्ताओं की टोली देश भर में घूमी। उस दौरान शायद ही ऐसा कोई मोहल्ला या गांव बचा होगा, जहां विहिप की टोली न पहुंची हो।
विस्तार
अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हिंदुओं की सहभागिता से हो इसके लिए वर्ष 1989 में संगमनगरी में हुई धर्मसंसद के बाद एक विशेष अभियान शुरू हुआ। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रहे अशोक सिंहल के आह्वान पर तब हर एक हिंदू से मंदिर निर्माण के लिए सवा रुपये लिए जाने की मुहिम शुरू हुई। इतना ही नहीं तब सिंहल ने ही किला स्थित अक्षयवट आम नागरिकों के लिए खोले जाने की मांग की थी।
सवा रुपये लिए जाने के अशोक सिंहल के इस आह्वान का समूचे देश पर असर पड़ा। इसके बाद सवा-सवा रुपये भेंट स्वरूप लेने के लिए विहिप कार्यकर्ताओं की टोली देश भर में घूमी। उस दौरान शायद ही ऐसा कोई मोहल्ला या गांव बचा होगा, जहां विहिप की टोली न पहुंची हो। अशोक सिंहल की यही मुहिम संघ परिवार ने वर्ष 2022 में भी अपनाई। मंदिर निर्माण में प्रत्येक हिंदू की सहभागिता हो इसके संघ, विहिप, बजरंग दल से जुड़े लोगों ने देश भर से धन संग्रह किया।
विहिप के कार्यालय प्रभारी सुनील सिंह, मीडिया प्रभारी अश्विनी मिश्रा बताते हैं कि 1989 में प्रयागराज में हुई धर्म संसद के बाद सवा रुपये लेने की मुहिम काफी सफल साबित हुई। तब जन्मभूमि के शिलान्यास के लिए देश के प्रत्येक गांव से पूजित एक-एक श्रीरामशिला लेने की भी बात हुई। दक्षिण भारत, महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश से आने वाली श्रीरामशिलाएं प्रयागराज के रास्ते ही अयोध्या भेजी गईं। तब प्रयागराज में अशोक सिंहल की मौजूदगी में शिलाओं का पूजन भी किया गया।
विहिप के पूर्व प्रांत संगठन मंत्री मुकेश कुमार बताते हैं कि 1989 में हुई विहिप की धर्मसंसद में ही इलाहाबाद का नाम ‘प्रयाग’ रखे जाने एवं किला स्थित अक्षयवट को जनता के दर्शन, पूजन और अर्चन के लिए खोल दिए जाने की मांग की गई थी। अक्षयवट मंदिर खोले जाने का एलान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2018 में संगम नगरी में आयोजित एक कार्यक्रम में किया भी।
