फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Ram Mandir: Delhi will celebrate special rituals for 11 days, Ram Dhun will be played with dhol-tasha-shehnai

Ram Mandir: पीएम मोदी के 11 दिन के विशेष अनुष्ठान के साथ झूमेगी दिल्ली, ढोल-ताशे-शहनाई के साथ बजेगी राम धुन

Jitendra Bhardwaj जितेंद्र भारद्वाज
Updated Fri, 12 Jan 2024 07:39 PM IST
विज्ञापन
सार
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने बताया, 22 जनवरी को होने वाले श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर दिल्ली सहित देशभर के व्यापारियों में बेहद उत्साह और उल्लास का माहौल है। दिल्ली एवं देश के सभी शहरों में स्थानीय व्यापारी संगठनों ने बड़े स्तर पर हजारों विभिन्न कार्यक्रम करने की योजना बनाई है...
loader
Ram Mandir: Delhi will celebrate special rituals for 11 days, Ram Dhun will be played with dhol-tasha-shehnai
Ram Mandir: CAIT - फोटो : Amar Ujala/Sonu Kumar

विस्तार

राम मंदिर को लेकर देशभर के व्यापारी संगठनों द्वारा राष्ट्रव्यापी उत्सव मनाए जाने की तैयारी हो रही है। अगले 11 दिन तक दिल्ली के बाजारों राम की धुन बजेगी। अयोध्या में राम की प्राण प्रतिष्ठा से पहले पीएम मोदी के 11 दिन के विशेष अनुष्ठान के साथ ढोल, ताशे और शहनाई के साथ दिल्ली झूम उठेगी। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने बताया, 22 जनवरी को होने वाले श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर दिल्ली सहित देशभर के व्यापारियों में बेहद उत्साह और उल्लास का माहौल है। इसके चलते देशभर के बाजारों में अभी से महोत्सव तथा महादीपावली मनाने की बड़ी जबरदस्त तैयारियां हो रही हैं। दिल्ली एवं देश के सभी शहरों में स्थानीय व्यापारी संगठनों ने बड़े स्तर पर हजारों विभिन्न कार्यक्रम करने की योजना बनाई है। इन सभी कार्यक्रमों में, जहां श्रद्धाभाव की अभिव्यक्ति होगी, वहीं दूसरी तरफ एक बड़ा कारोबार भी होगा। छोटे तबके के लोगों को बड़ा रोजगार भी मिलेगा।

शुक्रवार को नई दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित राम संवाद कार्यक्रम में दिल्ली के 200 से अधिक प्रमुख व्यापारी संगठनों की उपस्थिति में कई बड़े निर्णय लिए गए हैं। खंडेलवाल ने बताया, दिल्ली सहित देश भर में व्यापारी एसोसिएशनों ने अपने सदस्यों के साथ मीटिंग्स का दौर शुरू कर दिया है। कैट ने इन्हें राम संवाद का नाम दिया है। इन मीटिंगों में सभी कार्यक्रमों की योजना और उनका क्रियान्वयन करने की प्लानिंग हो रही है। बाजारों को सजाने संवारने के लिए अनेक वस्तुओं एवं सेवाओं की भारी मांग है। 22 जनवरी को राष्ट्रव्यापी बाजारों में रौनक लाने के लिए एलईडी प्रदर्शनियों एवं साउंड सिस्टम की अधिक मांग है। इनके जरिए अयोध्या का सीधा प्रसारण लोगों को दिखाया जाएगा।

पारंपरिक भारतीय संगीत बैंड और स्वदेशी वाद्ययंत्र जैसे ढोल, ताशे, नफीरी एवं शहनाई के जरिए बाजारों को राम की धुन से संगीतमय करने के अनेक बड़े कार्यक्रम करने की योजना है। बड़ी संख्या में कुशल कलाकार, जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं राम की झांकियां बनाते हैं, की मांग बहुत है। स्थानीय म्यूजिकल ग्रुप्स, गायक एवं लोक गायक सहित इसी प्रकार के अन्य लोगों को भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए बुक किया जा रहा है। स्कूटर रैलियां, कार रैलियां और श्रीराम मैराथन आयोजित करने का कार्यक्रम बनाया जा रहा है। बाजारों में जगह जगह राम फेरी और राम चौकियां, उत्सव की चमक को बढ़ाने में योगदान करेंगी।

देश में बड़े पैमाने पर धार्मिक पुस्तकों की बिक्री हो रही है। राम मंदिर के आकर्षक मॉडल की बाजार में मांग, लगातार बढ़ रही है। व्यापारिक संगठन जहां अपने सदस्यों को मॉडल देने की योजना बना रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इन मॉडल को उपहार में देने का चलन बहुत तेजी से बढ़ा है।

विशेष बात यह है कि निकट भविष्य में होने वाली शादियों में आने वाले रिश्तेदारों एवं संबंधियों को उपहार में राम मंदिर के मॉडल दिए जा रहे हैं। अनेक मंदिरों, ट्रस्टों एवं अन्य संस्थानों द्वारा भी राम मंदिर भेंट में दिये जाने की योजना है। 22 जनवरी के दिन, राष्ट्रव्यापी बाजारों को रंग बिरंगे प्रकाश और झंडों से सजाया जाएगा। इससे देश में राम मय वातावरण बनेगा। बाजारों या उनके समीप मंदिरों को सजाने की भी व्यापक योजना बनाई जा रही है। व्यापारी अपनी दुकानों और घरों को जहां फूलों एवं रोशनी से सजायेंगे, वहीं मिट्टी के दीपकों की पंक्तियों से प्रकाश भी किया जाएगा।

देश के विभिन्न हिस्सों में बहुत बड़ी संख्या में बाजारों में भंडारे लगाये जाएंगे। वंचित वर्ग को दीपावली जैसा उत्सव मनाने के लिए उन्हें कच्ची भोजन सामग्री, दिए एवं अन्य वस्तुएं दिये जाने का कार्यक्रम भी बड़े स्तर पर बन रहा है। इतने बड़े पैमाने पर हो रही व्यापक तैयारियों और विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों एवं उत्सवों से यह उम्मीद है कि इससे देश में बहुत बड़ा कारोबार होगा। इससे स्थानीय और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को महत्वपूर्ण प्रोत्साहन मिलेगा।

खंडेलवाल ने कहा, 22 जनवरी का यह महोत्सव न केवल एक धार्मिक और सांस्कृतिक घटना है, बल्कि हमारे राष्ट्र की एकता और विविधता का एक साक्षात्कार भी है। दिल्ली सहित देशभर के व्यापारी संगठन इस अवसर को स्मरणशील और समृद्धि भरे अनुभव बनाने का लक्ष्य रख कर दिन-रात इस अभियान में पूर्ण समर्पण से जुटे हैं। दिल्ली में अगले दस दिनों तक विभिन्न बाजारों में 200 से अधिक राम संवाद कार्यक्रम होंगे। 1000 से अधिक श्रीराम चौकी, श्रीराम कीर्तन, श्री सुंदरकांड का पाठ, 24 घंटे का अखंड रामायण पाठ, 24 घंटे का अखंड दीपक प्रज्वलन और भजन संध्या सहित बड़े स्तर पर धार्मिक कार्यक्रम होंगे। दिल्ली के 200 से अधिक प्रमुख बाजार एवं बड़ी संख्या में छोटी मार्केट में भी श्री राम के झंडों एवं लड़ियों से सजावट की जाएगी। हर मार्केट में बिजली की रोशनी होगी। दिल्ली के विभिन्न बाजारों में 300 से अधिक श्रीराम फेरी एवं श्री राम पद यात्रा के कार्यक्रम होंगे।

दिल्ली के सभी बाजारों और व्यापारियों के घरों एवं दुकानों पर लाखों मिट्टी के दीपक जलाए जाएंगे। विभिन्न एसोसिएशन अपने सदस्यों को 5 अथवा 11 दीपक प्रदान कर रही हैं। 500 से अधिक एलईडी और साउंड सिस्टम लगेंगे। 300 से अधिक स्थानों पर ढोल, ताशे, नफीरी बजेंगी तथा लगभग 100 से अधिक श्रीराम शोभा यात्रा बाजारों में निकाली जायेंगी। अनेक शोभा यात्राओं में महिलाएं पारंपरिक वेश भूषा में अपने सिर पर श्रीराम कलश रख यात्रा में भाग लेंगी। दिल्ली के अनेक बाजारों में लोक नर्तकों एवं लोक गायकों के कार्यक्रम होंगे। इसके लिए वृंदावन एवं जयपुर से कलाकारों को बुलाया जा रहा है। बाजारों में श्री राम मंदिर के मॉडल रखे जाएंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed