Ram Mandir: प्राण प्रतिष्ठा पर कानपुर-बुंदेलखंड में होंगे सवा लाख भंडारे, मंदिरों, चौराहों, बस अड्डों पर आयोजन
कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के भाजपा और संघ से जुड़े 17 जिलों के सभी मंदिरों, चौराहों, बस अड्डों में भंडारे होंगे। भाजपा और संघ का कहना है कि 22 को दिवाली जैसा उत्सव होगा। ऐेसे में इस बात का पूरा ध्यान रखा जाएगा कि कोई भूखा न रहे और किसी भी कोने में अंधियारा न रहे।
विस्तार
अयोध्या में प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर 22 जनवरी को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में सवा लाख भंडारों का आयोजन होगा। अकेले कानपुर में करीब 10 हजार भंडारे सुबह से देर शाम तक चलेंगी। इसके लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, भारतीय जनता पार्टी और उससे जुड़े संगठनों की ओर से व्यवस्था की जाएगी।
एक दिन पहले संघ और भाजपा पदाधिकारियों की इस संबंध में अलग-अलग बैठक हुई, जिसमें कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के भाजपा और संघ से जुड़े 17 जिलों के सभी मंदिरों, चौराहों, बस अड्डों में भंडारे होंगे। भाजपा और संघ का कहना है कि 22 को दिवाली जैसा उत्सव होगा। ऐेसे में इस बात का पूरा ध्यान रखा जाएगा कि कोई भूखा न रहे और किसी भी कोने में अंधियारा न रहे। इसके लिए बिजली की रोशनी के साथ ही दीपक भी जलाए जाएंगे। इस संबंध में भाजपा और संघ की ओर से मंडल व विभाग स्तर पर कार्यकर्ताओं की टीमें बनाई जा रही हैं। भाजपा की ओर से क्षेत्रीय, जिला पदाधिकारियों के साथ सभी सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों को इसमें प्रमुख जिम्मेदारी निभाने का निर्देश मिला है।
अयोध्या के मुहूर्त में कानपुर में भी करेंगे मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा
जिस मुहूर्त में अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी, उसी मुहूर्त में शहर के भी एक हजार से अधिक श्रद्धालु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा करेंगे। इसके लिए करीब पांच करोड़ की मूतियों का आर्डर जयपुर में मूर्ति बनाने वालों को दिया गया है। ये आर्डर नवीन मार्केट, शिवाला, गोविंदनगर की बाजारों में मूर्तियों की बिक्री करने वालों के माध्यम से दिए गए हैं। मूर्ति विक्रेताओं के अनुसार ऐसे बहुत से लोग जो फरवरी, अप्रैल या नवंबर में मूर्ति स्थापना करने वाले थे, वे 22 जनवरी को सबसे शुभ दिन मान रहे हैं। भगवान के शृंगार के वस्त्र और दरबार व पूजन सामग्रियों के भी आर्डर दिए गए हैं।
सर्दी में बढ़ गई भगवान की गर्म पोशाकों की मांग
सर्दी बढ़ते ही लोग भगवान श्रीराम के लिए भी गर्म कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में भगवान के लिए गर्म कपड़ों की मांग बढ़ गई है। दुकानों में डोंगरी, पोचू, शॉल, आसन, जैकेट के डिजाइनर कपड़े मौजूद हैं। कंबल, तकिया, नया पलंग और रजाइयां भी उपलब्ध हैं।
लोगों में राममंदिर को लेकर बहुत ही उत्साह और खुशी है। सुबह से शाम तक बड़ी संख्या में ऑर्डर आ रहे हैं। कोई मंदिर दरबार का ऑर्डर दे रहा है तो कोई मूर्तियों का। जिनके ऑर्डर मई तक के थे, वे सभी 22 जनवरी की मांग कर रहे हैं। -यश अग्रवाल, दुकानदार
सनातन धर्म के लिए 22 जनवरी का दिन बहुत बड़ा दिन है। सालों बाद हमारे रामलला घर आ रहे हैं। इस बार उनके स्वागत की जिम्मेदारी हमारी है। बड़े ही भाग्यशाली हैं हम जो अपने भगवान का स्वागत कर पाने का मौका हमें मिला है। - अमिता गुप्ता