वंदे भारत मिशन: वीजा, ओसीआई की वजह से घर नहीं लौट पा रहे कई भारतीय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिका में एच-1 बी वीजा या ग्रीन कार्ड रखने वाले भारतीयों को कोरोना वायरस संकट के दौरान वैश्विक यात्रा प्रतिबंधों के चलते एअर इंडिया द्वारा चलाए जा रहे विशेष विमानों से वापस भारत नहीं आने दिया जा रहा है। ये वह भारतीय हैं जिनके बच्चे जन्म से अमेरिकी नागरिक हैं।
भारत सरकार द्वारा पिछले महीने बदलाव के बाद जारी नियमों के अनुसार विदेशी नागरिकों के वीजा और ओसीआई कार्ड (जो भारतीय मूल के नागरिकों को बिना वीजा के यात्रा करने की अनुमति देता है) को नए अंतरराष्ट्रीय यात्रा प्रतिबंधों के कारण निलंबित कर दिया गया है। न्यूजर्सी के दंपती ने अपना नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि वे दोहरी मार झेल रहे हैं। उनकी एच-1 बी नौकरी चली गई है और उन्हें कानून के तहत 60 दिन में भारत भी लौटना है।
जबकि उनके दोनों बच्चे अमेरिकी नागरिक हैं। लेकिन नेवार्क हवाईअड्डे से उन्हें इसलिए लौटना पड़ा क्योंकि एअर इंडिया ने उनके बच्चों को टिकट देने से मना कर दिया जबकि उनके पास वैध भारतीय वीजा है। भारतीय वाणिज्य दूतावास की मदद के बावजूद वे कुछ नहीं कर पाए क्योंकि भारत सरकार द्वारा जारी नए नियमों से उनके हाथ बंधे थे।
- पुनर्विचार करे भारत सरकार
नियमों से प्रभावित रत्ना पांडे ने कहा, ‘मैं भारत सरकार से अनुरोध करती हूं कि मानवीय आधार पर अपने फैसले के बारे में एक बार फिर सोचें।’ वे अब अमेरिकी नागरिकता और आव्रजन सेवा (यूएससीआईएस) से उनके यहां रहने का समय बढ़ाने की अपील करने की भी सोच रही हैं। बता दें कि ट्रंप ने नौकरी जाने की स्थिति में वीजाधारकों को अमेरिका में रहने की समयसीमा 60 के बजाय 180 दिन कर दी है।
- 3 माह के बच्चे की मां ने लगाई गुहार
रिपोर्ट के अनुसार एक सिंगल मदर है, जिसका केवल तीन महीने का बच्चा है उनके लिए समस्याएं काफी गंभीर है। एयरपोर्ट पर उन्हें भारत वापसी के लिए टिकट दे दिया गया, लेकिन उनके बच्चे को टिकट इसलिए नहीं दिया गया क्योंकि उसके पास अमेरिकी पासपोर्ट है। महिला ने कहा कि मैं भारत सरकार से आग्रह करती हूं कि हमें वापस अपने घर आने दिया जाए। यहां महिला का कोई रिश्तेदार भी नहीं है।