ऑनलाइन फ्रॉड: ठगी होने पर तुरंत करें इस नंबर पर फोन, बच जाएगी जिंदगीभर की कमाई

कोरोना महामारी की शुरुआत से ही साइबर फ्रॉड में इजाफा होने की चेतावनी दी गई थी। कई साइबर और सिक्योरिटी एक्सपर्ट ने इसके बारे में लोगों को आगाह किया था और आज हो भी ऐसा ही रहा है। पूरी दुनिया में साइबर अटैक के मामलों में काफी बढ़ोत्तरी हुई है। हाल ही में अमेरिका की दो कंपनियां बड़े साइबर अटैक की शिकार हुई हैं। भारत में जितनी तेजी से बैंकिंग सेवाएं ऑनलाइन हो रही हैं, उससे अधिक तेजी से फ्रॉड भी हो रहे हैं। आए दिन किसी-ना-किसी के साथ कोई ऑनलाइन फ्रॉड हो जाता है, लेकिन जानकारी के अभाव में लोग समय पर और सही जगह पर अपने साथ हुए फ्रॉड की शिकायत नहीं कर पाते हैं। ऑनलाइन फ्रॉड को रोकने और लोगों की कमाई बचाने के लिए होम मिनिस्ट्री और दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने हाथ मिलाया है। होम मिनिस्ट्री और दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने एक हेल्पलाइन नंबर लॉन्च किया है जिसपर आप तुरंत शिकायत कर सकते हैं। आइए जानते हैं विस्तार से...

होम मिनिस्ट्री और दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने 155260 हेल्पलाइन पर शुरू किया है। यदि आप किसी भी तरह के ऑनलाइन फ्रॉड के शिकार होते हैं तो तुरंत इस नंबर पर कॉल करें। 7 से 8 मिनट में आपके खाते से उड़ाए गए पैसे जिस आईडी से दूसरे खाते में ट्रांसफर हुई होगी। हेल्पलाइन से उस बैंक या ई-साइट्स को अलर्ट मैसेज पहुंचेगा। फिर रकम होल्ड पर चली जाएगी।

ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को रोकने के लिए गृह मंत्रालय के साइबर पोर्टल https://cybercrime.gov.in/ और दिल्ली पुलिस की साइबर सेल के साथ 155260 पायलट प्रोजेक्ट पिछले साल नवंबर में शुरू हुआ था लेकिन अब इसे पूरी तरह लॉन्च कर दिया गया है। इंडियन साइबर क्राइम को-ऑर्डिनेशन का ऐसा प्लेटफॉर्म है जिसकी पहली यूजर दिल्ली बनी है। राजस्थान को भी जोड़ा गया है। इसके बाद सभी स्टेट यूजर्स बन जाएंगे।