Smart TV चुपके से कर रहा है आपकी जासूसी: ACR फीचर से खतरे में प्राइवेसी, तुरंत जानें इसे बंद करने का तरीका
Disable ACR Smart TV:
आज के दौर में स्मार्ट टीवी सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि आपकी जासूसी करने वाला एक डिजिटल डिवाइस बन गया है। इसके अंदर छिपा ACR सिस्टम आपकी हर पसंद और नापसंद को लगातार रिकॉर्ड करता है। अपनी प्राइवेसी को सुरक्षित रखने के लिए जानें यह तकनीक कैसे काम करती है।

आज के दौर में जब हम एक नया स्मार्ट टीवी घर लाते हैं, तो हमारा पूरा ध्यान उसकी पिक्चर क्वालिटी और बेहतरीन साउंड पर होता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इंटरनेट से जुड़ा आपका यह पसंदीदा टीवी सिर्फ आपको शो नहीं दिखा रहा, बल्कि वह खुद भी आपको देख रहा है? दरअसल, आधुनिक स्मार्ट टीवी अब कोई मनोरंजन की साधारण चीज नहीं रह गए, बल्कि वे डेटा प्रोसेस करने वाली ताकतवर मशीनें बन चुके हैं।
जब आप अपने सोफे पर बैठकर किसी फिल्म का आनंद ले रहे होते हैं, तब बैकग्राउंड में एक खास तकनीक चुपके से काम कर रही होती है, जिसे 'ऑटोमैटिक कंटेंट रिकग्निशन' यानी ACR कहा जाता है। इसके बारे में ज्यादातर यूजर्स को भनक तक नहीं होती।

क्या है ACR और कैसे करता है काम?
एसीआर को आप एक ऐसे न दिखने वाले जासूस की तरह समझ सकते हैं जो आपकी स्क्रीन पर चल रहे हर एक फ्रेम पर नजर रखता है। यह तकनीक बिल्कुल वैसी ही है जैसे गाने पहचानने वाले एप्स काम करते हैं, लेकिन इसका दायरा कहीं ज्यादा बड़ा और गहरा है। जैसे ही आप अपना टीवी ऑन करते हैं, ACR स्क्रीन पर दिखने वाली तस्वीरों के छोटे-छोटे डिजिटल निशान बनाना शुरू कर देता है।
यह सिस्टम हर सेकंड आपकी स्क्रीन को स्कैन करता है और लिए गए स्क्रीनशॉट्स को एक विशाल डेटाबेस से मैच करता है। कुछ रिपोर्ट्स की मानें तो यह तकनीक एक घंटे में हजारों बार आपकी स्क्रीन को स्कैन कर सकती है। इससे कंपनियों को यह सटीक जानकारी मिल जाती है कि आपने कौन सा विज्ञापन देखा, कौन सी फिल्म देखी और कितनी देर तक टीवी चलाया।

क्या आपकी प्राइवेसी के लिए है खतरा?
इस तकनीक का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि यह आपकी पूरी डिजिटल प्रोफाइल तैयार कर लेती है। यह सिर्फ आपकी पसंद तक सीमित नहीं रहती, बल्कि आपके टीवी के आईपी एड्रेस, आपकी लोकेशन और यहां तक कि आपकी ई-मेल आईडी जैसी निजी जानकारियों को भी ट्रैक किए गए डेटा से जोड़ देती है। ज्यादातर टीवी निर्माता कंपनियां इस डेटा को 'यूजर एक्सपीरियंस' बेहतर बनाने का नाम देती हैं, लेकिन असलियत में इसका इस्तेमाल आपको टार्गेट करके विज्ञापनों को दिखाने के लिए होता है।
आपका डेटा एक कीमती प्रोडक्ट बन चुका है, जिसे थर्ड-पार्टी कंपनियों को बेचा जा सकता है। यूजर्स को अक्सर इस बात की स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाती कि उनकी हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है, जो सीधे तौर पर व्यक्तिगत गोपनीयता का उल्लंघन है।
- Smartphone: महज 15 मिनट में खाली हो गया इस फोन का सारा स्टॉक, 7000 रुपये से भी कम में मिल रहे हैं धांसू फीचर्स
- Jio-BSNL ने चुपके से घटा दी प्लान्स की वैलिडिटी: बिना कीमत बढ़ाए महंगा हो गया रिचार्ज, अब इतने दिन ही चलेगा पैक
- पुराने Kindle यूजर्स को बड़ा झटका: अमेजन ने बंद किया सपोर्ट, अब रद्दी बन जाएंगे लाखों ई-रीडर्स?
- WhatsApp की प्राइवेसी पर घमासान: एलन मस्क बोले- 'भरोसे लायक नहीं व्हाट्सएप', Meta ने आरोपों को बताया बेतुका