Scam: OTT प्लेटफॉर्म के नाम पर ठगी! फेक मैसेज से यूजर्स बन रहे शिकार, जानें कैसे हो रहा स्कैम
Netflix Payment Scam:
भारत सरकार ने नेटफ्लिक्स यूजर्स को एक नए और खतरनाक पेमेंट स्कैम को लेकर आगाह किया है। जालसाज हूबहू असली जैसे दिखने वाले फर्जी मैसेज भेजकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। एक गलत क्लिक आपकी मेहनत की कमाई उड़ा सकता है, इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

आजकल के डिजिटल दौर में ठगी के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में भारत सरकार ने नेटफ्लिक्स के नाम पर चल रहे एक बड़े पेमेंट स्कैम को लेकर अलर्ट जारी किया है। सरकार की ओर से दी गई इस चेतावनी में बताया गया है कि कैसे साइबर अपराधी बिल्कुल असली दिखने वाले फर्जी अलर्ट भेजकर लोगों की संवेदनशील जानकारी चुरा रहे हैं। हाल ही में एक जागरूकता अभियान के जरिए अधिकारियों ने दो अलग-अलग मैसेज दिखाकर यूजर्स से असली और नकली की पहचान करने को कहा, ताकि लोग यह समझ सकें कि फिशिंग मैसेज कितनी चालाकी से तैयार किए जाते हैं और कैसे एक छोटा सा भ्रम आपको बड़े वित्तीय नुकसान की ओर ले जा सकता है।

डर का फायदा उठाते हैं ठग
यह पूरा स्कैम एक साधारण से दिखने वाले मैसेज से शुरू होता है। इसमें दावा किया जाता है कि आपका नेटफ्लिक्स पेमेंट फेल हो गया है या आपकी मेंबरशिप खत्म होने वाली है और आपका अकाउंट 'होल्ड' पर डाल दिया गया है। इन मैसेजों की भाषा इतनी डरावनी और जल्दबाजी वाली होती है कि यूजर घबराकर दिए गए लिंक पर क्लिक कर देता है। जैसे ही आप उस लिंक पर जाते हैं, आपको एक ऐसी फर्जी वेबसाइट पर ले जाया जाता है जो डिजाइन में बिल्कुल नेटफ्लिक्स की आधिकारिक साइट जैसी दिखती है। वहां आपसे आपके कार्ड की डिटेल्स, लॉगिन आईडी, पासवर्ड या ओटीपी मांगा जाता है, जिसका इस्तेमाल बाद में आपकी जमापूंजी उड़ाने के लिए किया जाता है।

फर्जी मैसेज को पहचानने के तरीके
साइबर अपराधी अक्सर लोगों में डर और घबराहट पैदा करने की कोशिश करते हैं। वे मैसेज में लिखते हैं कि अगर आपने तुरंत कार्रवाई नहीं की, तो आपका अकाउंट सस्पेंड कर दिया जाएगा। इस तरह की जल्दबाजी फिशिंग हमलों की एक बहुत ही आम पहचान है। इसके अलावा, इन मैसेजों में आपका नाम लेने के बजाय 'डियर कस्टमर' जैसे सामान्य शब्दों का इस्तेमाल होता है। मैसेज में दिए गए लिंक का यूआरएल (URL) भी अक्सर टेढ़ा-मेढ़ा या संदेहास्पद होता है। असली सेवाएं कभी भी इस तरह से रैंडम मैसेज भेजकर आपसे आपकी बैंकिंग जानकारी साझा करने को नहीं कहती हैं। इसलिए किसी भी संदिग्ध मैसेज पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसे बारीकी से जांचना जरूरी है।
- Samsung: सैमसंग बंद कर रहा है ये पॉपुलर App, जुलाई 2026 से नहीं कर पाएंगे इस्तेमाल, यूजर्स को करना होगा ये काम
- 5G Internet: न अमेरिका और न जर्मनी, 5G के इस्तेमाल में नंबर-1 है ये देश, जानिए भारत का क्या है स्थान
- AC Tips: समझदार लोग इस टेम्प्रेचर पर चलाते हैं एसी, हर महीने बचाते हैं हजारों रुपये, सरकार का भी है यही कहना
- AC Facts: 16 डिग्री से नीचे और 30 से ऊपर क्यों नहीं जाता एसी का टेम्प्रेचर? जानिए इसके पीछे की दिलचस्प वजह