Apple Event 2018: 11 सालों में कितना बदल गया iPhone, एक नजर आईफोन के 11 साल के बेमिसाल सफर पर

एप्पल का इवेंट भारतीय समयानुसार आज रात 10.30 बजे एप्पल के नए हेडक्वार्टर स्टीव जॉब्स थिएटर में होगा। इस इवेंट में एप्पल वॉच सीरीज 4, तीन नए आईफोन, आईपैड प्रो और मैकबुक के लांच किए जाने की उम्मीद है। एप्पल इस इवेंट में iPhone XS, iPhone XS Plus और iPhone XC को लांच करेगा। इसके अलावा iPhone 9, iPhone 9 Plus और iPhone XS Max की भी चर्चा है। तो आइए इस खास मौके पर एप्पल के अबतक लांच हुए सभी आईफोन के बारे में जानते हैं।

एप्पल ने 11 साल पहले अपना पहला स्मार्टफोन आईफोन बाजार में पेश किया था। उस वक्त किसी ने यह नहीं सोचा था कि आईफोन 11 सालों का सफर पूरा कर लेगा क्योंकि इससे पहले कंपनी ने कई प्रोडक्ट लॉन्च किए थे, जो बाजार में बुरी तरह से फेल हो गए थे। हम आज आपको दिखाते हैं कैसा रहा आईफोन के इन 11 सालों का बेमिसाल सफर।

2007 में कंपनी ने अपना पहला आईफोन लांच किया था। सितंबर में लांच हुए इस फोन की महज तीन महीने में 10 लाख यूनिट्स बिक गई थीं। जुलाई 2008 में कंपनी ने अपना दूसरा आईफोन, आईफोन 3जी के नाम से लॉन्च किया। इसके साथ ही कंपनी ने ऐप स्टोर भी लॉन्च किया, जिसमें 500 से ज्यादा ऐप मौजूद थे।