इस सप्ताह अनंत चतुर्दशी से लेकर पूर्णिमा श्राद्ध जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पड़ रहे हैं। श्राद्ध पक्ष भी इसी सप्ताह प्रारंभ हो रहे हैं। आइए जानते हैं इस हफ्ते कौन-कौनसे प्रमुख व्रत एवं त्योहार आने वाले हैं..
इस सप्ताह अनंत चतुर्दशी, पूर्णिमा श्राद्ध के साथ पड़ेंगे ये त्योहार, देखें पूरी लिस्ट
अनंत चतुर्दशी
अनंत चतुर्दशी पर्व मंगलवार 1 सितंबर को पड़ रहा है। हिन्दू पंचांग के अनुसार, भाद्रपद शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को अनंत चतुर्दशी के नाम से जाना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु के अनंत रूप की पूजा होती है। भक्तगण इस दिन जगत के पालनहार का आशीर्वाद पाने के लिए व्रत आदि का पालन करते हैं। इसी दिन गणेश विसर्जन भी किया जाएगा।
भाद्रपद पूर्णिमा
भाद्रपद शुक्ल पक्ष की अंतिम तिथि पूर्णिमा तिथि कहलाती है। इस साल यह तिथि 2 सितंबर बुधवार के दिन पड़ रही है। भाद्रपद पूर्णिमा को श्राद्ध पूर्णिमा के नाम से जाना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु के सत्यनारायण रूप की पूजा की जाती है, साथ ही इस दिन उमा-महेश्वर व्रत भी रखा जाता है।
श्राद्ध पक्ष
श्राद्ध पक्ष 2 सितंबर से शुरू हो रहे हैं जो 17 सितंबर को समाप्त होंगे। श्राद्ध में पितरों के तर्पण हेतु दान-पुण्य एवं अन्य प्रकार के कर्मकांड किए जाते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार पितरों की आत्मा की शांति के लिए श्राद्ध में दानपुण्य किया जाना चाहिए। शास्त्रों में पितृ पक्ष में सात चीजों का दान अवश्य करना चाहिए।
संकष्टी चतुर्थी
5 सितंबर शनिवार के दिन संकष्टी चतुर्थी व्रत रखा जाएगा। संकष्टी चतुर्थी से आशय संकट को रहने वाली चतुर्थी तिथि से है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, ऐसा कहा जाता है कि संकष्टी के दिन गणपति की पूजा-आराधना करने से समस्त प्रकार की बाधाएं दूर हो जाती हैं।