घूमना हर कोई चाहता है। लेकिन हर किसी के बस में भी घूमना नहीं है। घूमना किसी का शौक हो सकता है तो किसी का पैशन हो सकता है। लोग अपने-अपने तरीके से घूमना पसंद करते हैं। और यही पसंद उनको एक ट्रैवलर और टूरिस्ट बनाता है। टूरिस्ट कोई भी हो सकता है, लेकिन ट्रैवलर हर कोई नहीं हो सकता है। टूरिस्ट होने और ट्रैवलर होने के बीच एक बड़ी छोटी सी लाइन है जो आपकी पहचान बदल देती है। अगर आप खुद को एक ट्रैवलर मानते हैं तो बताए गए चीजों से खुद को पहचानें कि आप ट्रैवलर हैं या टूरिस्ट।
ये दो शब्द एक से दिखाई दे सकते हैं लेकिन दोनों के बीच प्रमुख अंतर हैं। एक पर्यटक वह होता है जो पहले से तय किए गए डेस्टिनेशन पर घूमने जाता है। दुनिया को अपने तरीके से देखने के लिए बेहिसाब पैसे खर्च करता है। लेकिन एक ट्रैवलर बेपरवाह के साथ-साथ लापरवाह भी होता है। वह अपनी जिज्ञासा के हिसाब से घूमने का प्लान तय करते हैं ना कि पहले से घूमने का डेस्टिनेशन तय कर लिया और निकल गए घूमने। एक ट्रैवलर होने का सबसे अच्छा हिस्सा यह है कि आप दुनिया को देखते हैं कि यह क्या है - कुछ भी कम नहीं, कुछ भी अधिक नहीं। इसलिए, यदि आप भी किसी ट्रैवलर के जीवन का आनंद लेना चाहते हैं तो आपको कुछ चीजों को फॉलो करना पड़ेगा। तब जाकर आप एक पर्यटक से अच्छा ट्रैवलर बन सकते हैं।
एक यात्री होने का मतलब यह नहीं है कि आप लापरवाह और गैर जिम्मेदार हैं, इसका सीधा सा मतलब है कि आप अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलने और नई दुनिया का पता लगाने के इच्छुक हैं। आपको खुद को एक नई संस्कृति में डुबोने की जरूरत है। यह बहुत ही आसानी से किया जा सकता है। जैसे कि आप एक शानदार और महंगे होटल लेने के बजाय होमस्टे चुन सकते हैं या अपने पसंदीदा भोजन की जगह स्थानीय व्यंजनों का लुत्फ उठाने की कोशिश करें।
एक ट्रैवलर होने के नाते आप जो पहन रहे हैं उस पर ध्यान दें। अपने सबसे फैशनेबल ड्रेस को पहनने के बजाय आप जिस जगह पर जा रहे हैं, उसी के अनुसार कपड़े पहनने की कोशिश करें। यह न सिर्फ मजेदार है बल्कि स्थानीय लोगों के साथ कम्युनिकेट करने में भी आपकी मदद करेगा। इसके अलावा अपने आप को नए अनुभवों, रोमांचों के लिए तैयार रखें। इस चीज को तय करें कि आप अपनी यात्रा के दौरान परिवहन का उपयोग करें। इससे आपको रास्ते में नए स्थान मिल सकते हैं और नए लोगों के साथ बातचीत करने का मौका भी मिल सकता है।
इसके अलावा पूरी तरह से इंटरनेट पर निर्भर रहना बंद करें और यात्रा के माध्यम से अपना रास्ता बनाएं। इन्हीं चीजों के जरिए आप टूरिस्ट से ट्रैवलर बन सकते हैं।