Relationship Tips: अभिनेता और कॉमेडियन सुनील ग्रोवर का वो गाना तो सुना ही होगा, 'मेरे हसबैंड मुझको पियार नहीं करते...' इस गाने के लिरिक्स से शायद महिलाएं अधिक जुड़ाव महसूस करती हैं क्योंकि अक्सर ही महिलाएं ऐसी ही शिकायत करती सुनाई देती हैं। यह बहुत ही आम समस्या है जिससे कई महिलाएं गुजरती हैं। इस गाने को भले ही मनोरंजन के लिहाज से गाया जाए लेकिन शादीशुदा महिलाओं के लिए यह बहुत संवेदनशील समस्या है।
Relationship Tips: "मेरा पति मुझे प्यार नहीं करता", अगर आपकी भी है ऐसी शिकायत तो अपनाएं ये टिप्स
आपको भी लगता है कि आपके पति अब आपको पहले जैसा प्यार नहीं करते तो आपको कुछ ऐसी आदतें व टिप्स को अपनाना होगा जो इस परिस्थिति में मदद कर सकते है। अगर लगे पति का प्यार कम हो गया है, तो अपनाएं ये आसान उपाय।
सीधे बात करें, मन में न रखें
अपने मन की बात बिना झिझक के पति से शांत और सकारात्मक तरीके से कहें। यह न सोचें कि वह खुद समझ जाएंगे, बल्कि आपके बीच संवाद जरूरी है। हालांकि शिकायतें या दिल दुखाने वाली बातें करने की बजाय उनसे सरल शब्दों में अपनी भावनाओं की अभिव्यक्ति करें। "तुम मुझसे प्यार नहीं करते" कहने की बजाय कहें, "मुझे लगता है कि हम पहले जितना जुड़ाव महसूस नहीं कर पा रहे हैं। क्या हम इस बारे में बात कर सकते हैं?"
छोटी-छोटी खुशियों को महत्व दें
पति के छोटे प्रयासों की सराहना करें, चाहे वह छोटी सी बात ही क्यों न हो। सराहना और धन्यवाद देने से रिश्ते में गर्मजोशी आती है। अगर वह कभी जल्दी घर आ जाएं या काम से वक्त निकालकर आपको काॅल कर दें तो खुशी को तुरंत जाहिर करें। उन्हें बताएं कि आपको उनका यह प्रयास अच्छा लगा।
एक-दूसरे को समय दें
रोजमर्रा की भागदौड़ में कपल्स अक्सर एक-दूसरे को समय देना भूल जाते हैं। एक-दूसरे के साथ क्वालिटी टाइम बिताएं। साथ में टहलें, फिल्म देखें या कहीं घूमने जाएं। अगर आप दूसरे शहरों में हैं यानी लॉन्ग डिस्टेंस रहते हैं, तो दिन में एक बार वीडियो कॉल, एक वक्त पर डिनर करने या छोटे-छोटे मैसेज भेजकर एक दूसरे को वक्त दें।
उनकी भावनाओं को भी समझें
हो सकता है पति पर काम या जीवन का कोई तनाव हो, जिस वजह से वे भावनात्मक रूप से दूरी बनाए हुए हैं। बिना आरोप लगाए उनकी बातें भी सुनें।
नई शुरुआत की पहल करें
कभी-कभी रिश्ते को नई ऊर्जा देने के लिए एक साथ कोई नया काम या हॉबी शुरू करें। सरप्राइज दें, नोट लिखें या साथ में कोई कुकिंग क्लास, डांस क्लास या ट्रिप की योजना बनाएं।
खुद को समय और महत्व दें
पति प्यार नहीं करता, ये सोचकर दुखी होने या तनावग्रस्त होने के बजाय सकारात्मक रहने की कोशिश करें। पति के लिए खुद को भूल जाना सही नहीं है। अपने शौक, रुचि और दोस्तों को समय दें। आत्मनिर्भर, खुश और आत्मविश्वासी महिला अपने आप में आकर्षक होती है। जब आप खुश रहेंगी, तो रिश्ता भी बेहतर बनेगा।
जरूरत पड़े तो काउंसलर की मदद लें
अगर समस्या ज्यादा गहरी है और संवाद से हल नहीं हो रही है, तो कपल काउंसलिंग का सहारा लें। प्रोफेशनल मदद से दोनों की भावनाएं बेहतर तरीके से सामने आ सकती हैं।
आपको समझना होगा कि किसी भी रिश्ते में दोनों की भागीदारी जरूरी है। केवल आपके प्रयास से यह मुमकिन नहीं, इसलिए उनसे बात करके दोनों मिलकर अपने रिश्ते में प्यार लाने के लिए प्रयास करें। इसके अलावा खुद की खुशियों और आत्म-सम्मान को नजरअंदाज न करें। अगर पति सच में आपकी कद्र करते हैं तो आपकी भावनाओं को समझने की कोशिश जरूर करेंगे।