अगर आप बाजार में कभी कोई बोटल या जार खरीदने गए होंगे तो आपने कई तरह की वेरायटी देखी होगी। इनमें से कई ऐसी होंगी जिन पर अनब्रेकेबल होने की गारंटी दी जाती है। महज 50 रुपए का जार खरीदते समय आप ये जरूर देखते होंगे की यह अनब्रेकेबल है या नहीं। लेकिन रिश्ता बनाते वक्त जरा भी नहीं सोचते कि क्या हम इन्हें निभा पाएंगे या नहीं? आज के जमाने में प्यार इंस्टेंट नूडल्स की तरह हो गया है जो दो मिनट में पक भी जाता है और अगले ही दो मिनट में लोग इसके स्वाद से बोर भी हो जाते हैं। कहने का तात्पर्य यह है कि पहले लोग अपने रिश्तों को कितनी संजीदगी से लेते थे और ताउम्र उसकी हिफाजत करते थे। ऐसे में सवाल ये है कि किसी रिश्ते को ब्रेकअप प्रूफ कैसे बनाए? कुछ चीजों को ध्यान में रखकर आप भी अपने प्यार को अनब्रेकबल बना सकते हैं।
कुछ इस तरह से आप भी बनाए ब्रेकअप प्रूफ रिश्ता, कभी नहीं टूटेगी प्यार की डोर
रिश्ते की अहमियत जानें
प्रकृति का बनाया हुआ ये पहला नियम है कि आपको एक साथी की जरुरत पुरे जीवन होती है और यही सत्य है। अगर कोई ये कहे कि 'मुझे किसी की कोई जरूरत नहीं' तो ये बात निरर्थक है। रिश्तों की अहमियत को जानते हुए हमें इस बात को स्वीकारने में कोई शर्म या झिझक नहीं होनी चाहिए कि आपको आपके साथी की आवश्यकता है।
नतीजों पर न पहुंचें
छोटी-मोटी नोक-झोंक या लड़ाइयां प्यार का हिस्सा होती हैं। इन्हें हल्के तौर पर लेना सीखें। आजकल कॉर्पोरेट कल्चर के चलते हमें नतीजों पर पहुंचने की बड़ी जल्दी होती है, पर प्यार में हुई तकरार को बेनतीजा छोड़ना हमेशा फायदेमंद होता है। इसका मतलब अगर कभी आपका साथी आपसे झगड़ा करे, तो सीधे किसी नतीजे पर न पहुंचें।
डर
किसी को खोने का डर और रिश्तों के टूटने का डर हमेशा बना रहना चाहिए। इससे रिश्ते अपने आप अनब्रेकेबल हो जाएंगे। किसी अपने के साथ ना होनेे का डर रिश्तों को बनाए रखता है। अपने दिमाग से यह फितूर भी निकाल दें कि किसी रिश्ते को तोड़ा भी जा सकता है। रिश्तों का कोई विकल्प नहीं होता। तोड़ना बड़ा ही आसान होता है, पर इसके परिणामों को भुगतना शायद आपके लिए आसान ना हो।
रिश्ता जोड़ने से पहले अच्छी तरह से सोच लें
अगर इन दिनों आपकी नींद किसी के कारण उड़ी हुई है, तो फिर से एक बार नहीं, कम से कम चार बार सोचिए। हमारे साथ अक्सर यह होता है कि हम हड़बड़ी में रिश्ते बनाते हैं और फिर रिश्ते बनाने के बाद सोचते हैं कि हमने गलत किया या सही। किसी को अपनी जिंदगी का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने से पहले खुद से सवाल करना न भूलें कि क्या वाकई आप दोनों एक-दूसरे के लिए बने हैं?